पूर्व सेनाध्यक्ष ने किए आचार्य के दर्शन
बेंगलूरु. जयनगर के धर्मनाथ जैन मंदिर में पूर्व सेनाध्यक्ष व केन्द्रीय सड़क, परिवहन एवं राष्ट्रीय राज्यमार्ग राज्यमंत्री वीके सिंह ने आचार्य देवेन्द्रसागर सूरी एवं मुनि महापद्मसागर के दर्शन किए।
केन्द्रीय मंत्री वीके सिंह ने कहा कि पंचम काल में गुरुदर्शन हो जाए व हरिकथा सुनने को मिल जाए तो व्यक्ति का भाग्य बदल जाता है। संतों के चरणों में आना भगवान के चरणों में आने के समान है। सही मायने में देश के संत सच्चे सिपाही होते हैं जो समाज को सही राह पर लेके आते हैं। सच्चा संत सभी के प्रति निरपेक्ष और समान भाव रखता है, क्योंकि सच्चा संत, हर इंसान में भगवान को ही देखता है, उसकी नजर में हर व्यक्ति में भगवान वास करते हैं, इसलिए उस पर किसी भी तरह के व्यवहार का कोई प्रभाव नहीं पड़ता। सच्चा संत वही है, जिसने अपनी इंद्रियों पर नियंत्रण प्राप्त कर लिया हो और वह हर तरह की कामना से मुक्त हो।आचार्य ने वीके सिंह के साथ राष्ट्रीय एवं सामाजिक मुद्दों पर चर्चा करते हुए कहा कि समाज में शिक्षा की जागरूकता फैलाते हुए आमजन को जागरूक कर समाज को संगठित एवं शिक्षा के क्षेत्र में अग्रसर करने का कार्य किया जा सकता है। आचार्य ने कहा कि देश की रक्षा में सैनिकों का योगदान महत्वपूर्ण है। गर्मी, बरसात व ठंड के मौसम में खुले आसमान तले रहते हुए सीमा पर डटे रहते हैं और जरूरत पड़ने पर जान की बाजी लगा देते हैं। हमें अपने देश के सैनिकों पर गर्व है और इसी कारण हर देश प्रेमी सैनिकों के जज्बे को सलाम करता है और उनके प्रति श्रद्धा का भाव रखता है।
राजस्थान जैन मूर्तिपूजक संघ जयनगर के पदाधिकारियों ने मंदिर परिसर में केन्द्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह का स्वागत किया।