संदलवुड अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्में बनाने में सक्षम फिल्म में मूक प्राणी तथा मनुष्य के बीच के संबंध का मार्मिक चित्रण
हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ तथा मलयालम भाषा में प्रदर्शित ‘777 Charlie’ फिल्म देखकर मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई भावुक हो गए। फिल्म देखने के पश्चात मुख्यमंत्री ने फिल्म के नायक रक्षित शेट्टी के अभिनय की सराहना की और कहा कि फिल्म में मूक प्राणी तथा मनुष्य के बीच के संबंध का मार्मिक चित्रण किया गया है।
उन्होंने कहा कि फिल्म देखने के बाद उन्हें अपने सनी नामक पालतू कुत्ते की याद आ गई और वे भावुक हो गए। अभी उनके घर में टिया नामक कुतिया उनके परिवार का ही हिस्सा बन गई है।
उन्होंने कहा कि आवारा कुत्तों की देखभाल को लेकर शीघ्र ही एक नीति बनाई जाएगी। कुत्ते गोद लेने वाले और डॉग ट्रेनर्स को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संदलवुड की केजीएफ-2 फिल्म ने देश-विदेश में धूम मचाई, जिससे साबित हो गया है कि संदलवुड में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्में बनाने का माद्दा है। उन्होंने कहा कि मैसूरु शहर के निकट फिल्मसिटी के लिए भूमि चिन्हित की गई है। वहां फिल्म निर्माण के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध की जाएंगी।
प्रस्तावित फिल्म सिटी में निवेश के लिए उद्यमियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के साथ प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा मंत्री बीसी नागेश तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ के सुधाकर ने भी फिल्म देखी।
चुनाव मोड में प्रदेश भाजपा, तैयारियां शुरू
बेंगलूरु. प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। चुनाव से पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह तथा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा समेत केंद्रीय मंत्रियों तथा भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं के सिलसिलेवार दौरे आयोजित किए जा रहे हैं।
गृहमंत्री अमित शाह ने पिछले दिनों तुमकूरु के सिद्धगंगा मठ में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया था। उसके बाद नितिन गडकरी भी प्रदेश के दौरे पर आए।
अब प्रधानमंत्री अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए मैसूरु का दौरा करने आ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री सुत्तूर मठ के प्रमुख डॉ शिवरात्री देशिकेंद्र तथा वाडियार परिवार के यदुवीर श्रीकंठदत्त वाडियार से मुलाकात करेंगे।