
1.59 करोड़ की मंजूरी, स्टाफ के आवास भी होंगे निर्मित
धंबोला. पंचायत समिति सीमलवाड़ा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पीठ के लिए राहत भरी खबर है। करीब 12 माह से जर्जर होने के कारण बंद पड़े स्वास्थ्य केंद्र के स्थान पर अब 1 करोड़ 59 लाख रुपए की लागत से नए भवन एवं स्टाफ क्वार्टर के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। स्वीकृति के बाद पुराने जर्जर भवन को हटाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। निवर्तमान प्रधान कारीलाल ननोमा ने बताया कि पीठ पीएचसी की जर्जर स्थिति के कारण क्षेत्र के हजारों लोगों को उपचार के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस गंभीर समस्या को लेकर उन्होंने कई बार चिकित्सा मंत्री एवं जिला प्रशासन को पत्र लिखकर नए भवन की स्वीकृति की मांग की थी। लगातार किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप अब 1.59 करोड़ रुपए की लागत से नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन एवं स्टाफ क्वार्टर को स्वीकृति मिल गई है। उन्होंने बताया कि जर्जर भवन को ध्वस्त करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और शीघ्र ही नए भवन का निर्माण कार्य भी प्रारंभ होगा। इससे पीठ सहित आसपास के गांवों के हजारों लोगों को आधुनिक एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
Updated on:
08 Aug 2026 06:00 am
Published on:
08 Aug 2026 06:00 am
