
VIDEO : कुशलगढ़ में 12 कोरोना पॉजिटिव आने के बाद से बढ़ी टेंशन, कर्फ्यू की सख्ती से हो रही पालना
बांसवाड़ा. जिले में कोरोना का संक्रमण कुशलगढ़ कस्बे के लिए आफत बना हुआ है। मंगलवार देररात एक और पॉजीटिव होने से संक्रमितों की संख्या 10 होने के बाद हालांकि बुधवार का दिन सुखद रहा, जबकि बांसवाड़ा से भेजे नमूनों में से 39 नेगेटिव आए। बावजूद इसके रात में 2 और पॉजिटिव की पुष्टि ने कुशलगढ़ ही नहीं, पूरे बांसवाड़ा जिले में टेंशन बढ़ा दी। इनके अलावा 2 अन्य संदिग्धों के नतीजे लंबित हैं। इस बीच, कस्बे में कफ्र्यू की सख्ती से पालना कराने का क्रम जारी रहा। चिकित्सा विभागीय टीमों में और इजाफा किया गया। सीएमएचओ डॉ. एचएल ताबियार के अनुसार जिले में अब तक कुल 160 सैम्पल लिए गए हैं, जिनमें से कुशलगढ़ के ही अब तक 12 पॉजीटिव आए हैं, वही 146 की नेगेटिव रिपोर्ट है। इनमें कुशलगढ़ के मंगलवार को भेजे 39 नमूने शामिल हैं, जिनमें से 2 संदिग्ध लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है। साथ ही एमजी अस्पताल बांसवाड़ा के 40 नमूने सभी नेगेटिव आए हैं। ऐसे में केवल कुशलगढ़ कस्बे को फोकस किया जा रहा है। आरएनटी मेडिकल कॉलेज की टीम भी कुशलगढ़ में है। बुधवार को 50 से ज्यादा नमूने लेने का लक्ष्य लेकर टीमें जुटी हुई हैं। डॉ. ताबियार के अनुसार जिले में तीन हजार 261 टीमें अब तक 28 लाख 50 हजार 677 लोगों की स्क्रीनिंग कर चुकी हैं। विदेश से आए सभी 339 लोगों का होम क्वारेंटाइन पूरा हो चुका है, जबकि अन्य राज्यों से आए 30 हजार 931 लोग अभी होम क्वारेंटाइन में ही हैं। इनकी निगरानी रखी जा रही है। जिले में कोरोना संक्रमण से निबटने पीपीई कीट, एन-95 मास्क और वीटीएम सहित संसाधन पर्याप्त हैं। आगे के लिए मांग के अनुरूप जयपुर से आपूर्ति का क्रम जारी है।
Published on:
9 Apr 2020, 2:49 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.