बांसवाड़ा. शहर में चल रहे फागोत्सव की शृंखला में रातीतलाई स्थित नेमा धर्मशाला में नर्वदेश्वर महादेव महिला मण्डल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भक्तिगीतों की गूंज से चहुंओर होली की उमंग छा गई। प्रतिवर्ष की भांति शीतला सप्तमी पर आयोजित इस कार्यक्रम में होली के गीतों के साथ एक-दूसरे पर रंग, गुलाल, अबीर उड़ाकर महिलाओं ने नृत्य किया। मेरो खो गया बाजूबंद रे रसिया होरी में…, आज बिरज में होरी रे रसिया, रंग मत डारे रे सांवरियां म्हारो गुजर मारे रे.., जैसे गीतों पर महिलाएं नाच उठीं। राम कॉलोनी, सीताराम, कृष्ण, कंसारा व दुर्गावाहिनी आदि महिला मण्डलों ने कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम में नर्वदेश्वर महादेव महिला मण्डल व नेमा समाज की महिलाओं की भागीदारी अधिक रहीं। उधर, भावसार समाज के नोहरे में भी महिलाओं की ओर से फागोत्सव मनाया गया। नई आबादी स्थित नोहरे में भावसार महिला मण्डल ने फागोत्सव के दौरान भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। अर्चना, दीपिका, रमिला, प्रेमिला, योगिता, माधवी, रमा, विद्यादेवी आदि ने भजनों की प्रस्तुतियां दी एवं नृत्य किया। एक-दूसरे के गुलाल लगाई गई।