
बांसवाड़ा में बाइक चालकों के लिए हेलमेट अनिवार्य, बिना हेलमेट घर से निकले तो कट जाएगा चालान
बांसवाड़ा. नियमों की पालना और सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने के लिए शहर में मंगलवार को हेलमेट की अनिवार्यता को सख्ती से लागू किया गया। चौराहों पर खड़े पुलिस कर्मियों ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को रोका, समझाइश की, हेलमेट पहनने का आग्रह किया और जो हेलमेट लेकर आ गए उन्हें जाने दिया तो कुछ के चालान भी बनाए गए। नियंत्रण कक्ष और कस्टम चौराहे पर बेरिकेड्स लगाकर यातायात पुलिस और क्यूआरटी ने मोर्चा लगाया और फिर बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों की धरपकड़ की। इसके अलावा ऐसे वाहन चालकों को भी रोका गया जिनके वाहनों पर दो से अधिक सवारियां बैठी हुई थीं। इन सभी को समझाया गया और सलाह दी गई कि वे नियमों की पालना करें।
और बढ़ेगी सख्ती
पुलिस अधीक्षक केसर सिंह शेखावत ने बताया कि अभी और सख्ती होने वाली है। एसपी खुद मौके पर पहुंंचे और वहां उन्होंने अधीानस्थों को पुख्ता कार्रवाई के निर्देश दिए पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान कई लोग तो गलियों से निकलते हुए दिखाई पड़े। एसपी ने बताया कि मंगलवार को एमवीएक्ट के तहत कुल 201 चालान बनाए गए और करीब 39 हजार पांच रुपए वसूला गया।
रात तक दिए नाकेबंदी के निर्देश
एसपी ने दिनभर प्रभावी गश्त के साथ जिलेभर के पुलिस अधिकारियों को शाम सात बजे से लेकर रात्रि ग्यारह बजे तक प्रभावी गश्त के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक वाहन की गहनता से जांच के निर्देश भी दिए। शाम की गश्त अब हर दिन की जाएगी। एसपी ने बताया इस कार्रवाई के दौरान पुलिस के समक्ष कई सम्पत्ति संबंधी अपराध भी सामने आए हैं, पुलिस ऐसे मामलों में पड़ताल कर रही है।
Published on:
24 Jul 2019, 2:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.