
बांसवाड़ा में तबलीगी जमात की मरकज में शरीक लोगों की टोह, किसी की वापसी की पुष्टि नहीं
बांसवाड़ा. दिल्ली में तबलीगी समाज के मरकज में शामिल होकर देशभर में बिखरे लोगों में बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमण के केस होने और बांसवाड़ा के लोग भी इनमें शामिल की सूचना पर बुधवार शाम जिला प्रशासन, चिकित्सा विभाग और पुलिस की टीमों ने दो जगह पहुंचकर पड़ताल की। हालांकि यहां एक भी शख्स ऐसा नहीं मिला, जो मकरज में शामिल होकर वापस आया है। इसकी पुष्टि उपखंड अधिकारी पर्बतसिंह चुंडावत ने देरशाम को की। उन्होंने बताया कि बांसवाड़ा से भी कुछ लोग मरकज में जाने के संकेत मिले। इस पर एक सूचना के तहत तहसीलदार, सीएमएचओ और पुलिस की टीम ने माही डेम के करीब माही कॉलोनी पहुंचकर एक जने की तलाश की। पता चला कि वह मिलकर्मी है और पिछले महीने दिल्ली जरूर गया था, लेकिन मरकज की बजाय चरखी दादरी में मिल के ही काम से गया था। इसकी तस्दीक मिल के सुपरवाइजर से की गई। फिर भी स्क्रीनिंग के बाद एहतियात के तौर पर उसे होम आइसोलेशन में रहने को पाबंद किया गया। एसडीओ ने बताया कि इसके अलावा एक अन्य इत्तला कुशलबाग मैदान के पास वरदान कॉम्पलेक्स में एक दुकान के मालिक के परिवार के बारे में मिली। इसका मकान मदारेश्वर मार्ग से सटी मधुबन कॉलोनी में है। वहां जाकर पड़ताल से मालूम हुआ कि घर से परिवार की दो महिलाओं समेत तीन-चार लोग गए थे। वहां महिला जमात ही थी, जिसमें जाने के बाद दंपती व एक अन्य महिला ग्वालियर, दतिया चले गए और वहीं हैं। यह भी पता चला कि बुधवार को ही दतिया में उनकी धरपकड़ हुई और जांच में नेगेटिव आए हैं, लेकिन यहां वापसी किसी की नहीं हुई है। एसडीओ चुंडावत ने बताया कि इससे पहले रात को जहांपुरा की सूचना पर टीम भेजकर जांच करवाने के बाद में बाहर से लोगों को होम क्वारेंटाइन किया गया।
विश्वसनीयता पर संदेह, मोहल्ले में करवाई स्क्रीनिंग : - इधर, चिकित्सा विभागीय टीम के अनुसार पहले पहल जानकारी छिपाने और बाद में जमात में एक-दो जनों के जाना स्वीकार करने से संदेह गहरा गया। इसके चलते उक्त परिवार के साथ आसपास के 15-20 लोगों की स्क्रीनिंग करवाई गई है। इसके अलावा संदिग्ध परिवार के लोगों को गुरुवार को फिर जांच के लिए बुलाया गया है। कॉलोनी में दो चिकित्सकों और उनके परिजनों से भी पूछताछ की। उन्होंने मरकज में जाने से इनकार किया है।
Updated on:
2 Apr 2020, 1:52 PM IST
Published on:
2 Apr 2020, 1:52 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.