28 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘धर्म व सत्य परेशान हो सकता है पराजित नहीं’

Rajasthan

डाल में श्रीमद् प्रज्ञा पुराण कथा महोत्सव व पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ की पूर्णाहुति
आसपुर। नामचौत बस्ती डाल गांव में गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार की ओर से तीसरे चरण की अखंड ज्योति ग्राम तीर्थ रथयात्रा के अंतर्गत चल रहे श्रीमद् प्रज्ञा पुराण कथा महोत्सव का पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ पूर्णाहुति के साथ के समापन हुआ। अंतिम दिन की कथा में बताया कि गायत्री परिवार के सप्तसूत्री कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन से अब वागड़ व छप्पन परगने के ग्राम्यांचल में चल रही आध्यात्मिक ऊर्जा की बयार कलयुग से सतयुग में वापसी का संकेत दे रही है। गांवों में घर - घर देव स्थापना कर अब हर घर से सुबह शाम गायत्री साधना एवं आरती के स्वर गूंज रहें हैं।

व्यास पीठ से कथा वाचन करते हुए पंडित हेमंत भट्ट ने प्रवचन में कहा कि देवी देवताओं की जननी देव भूमि भारत माता ने समय-समय पर जरूरत के अनुसार पाप एवं पापियों का विनाश करने स्वयं भगवान व महापुरुषों को कोख से जन्म देकर दुनिया को धर्म संस्कृति व सच्चाई व अच्छाई के मार्ग पर चलाया। आज भी आतंकवाद, अलगाववाद, भ्रष्टाचार, अधर्म, व्यभिचार जैसी राक्षसी ताकतें बारुद के ढेर पर बैठकर मानवता के दुश्मन बने हुए हैं। धर्म व सत्य परेशान हो सकता है पराजित नहीं। लिहाजा मानवता के दुश्मनों की भी वहीं दुर्गति होनी है। इससे पूर्व यज्ञाचार्य के निर्देशन मे मुख्य यजमान मेघसिंह राठौड़, पदमसिंह राठौड़, शंभूसिंह राठौड़ एवं विजयसिंह राठौड़ सहित समस्त यजमान मंडल ने बारी-बारी से गायत्री महामंत्र, महामृत्युंजय मंत्र एवं वैदिक मंत्रों की अनुगूंज में आहुतियां समर्पित कर पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ की पूर्णाहुति कर लोक मंगल की कामना की।

गुरु दीक्षा व मंत्र दीक्षा

गुरुदीक्षा एवं मंत्रदीक्षा कार्यक्रम हुआ। जिसमें 550 से अधिक लोगों ने गुरु दीक्षा व मंत्र दीक्षा ग्रहण कर गांव में स्वच्छता, सुचिता, नशामुक्ति, पौधरोपण आदि गायत्री परिवार के सप्त सूत्री कार्यक्रम के क्रियान्वयन का संकल्प लिया। वनिता भट्ट ने संस्कार पाठशाला के जरिए विद्यार्थियों एवं मातृशक्ति को संस्कार एवं धर्म की पटरी पर चलते हुए हर घर को मंदिर की तरह पावन बनाने का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया। गायत्री परिवार सलूम्बर जिला संयोजक तखतसिंह चौहान भबराणा ने छप्पन परगने में गायत्री परिवार की गतिविधियों के बारे में बताया।

लक्ष्मी कुंवर, भावना कुंवर चन्दा कुंवर, कला कुंवर एवं मीना कुंवर राठौड़ सहित 9 देवकन्याओं ने झोला पुस्तकालय के माध्यम से गांव में घर - घर देव स्थापना, साप्ताहिक सत्संग एवं समाज सुधार की दिशा में प्रभावी जन जागरण का संकल्प लिया।

सेरिया में प्रज्ञा पुराण आज से

डाल से विहार कर सोमवार को अखंड ज्योति तीर्थयात्रा का सेरिया गांव में मंगल प्रवेश हुआ। जहां आगामी 1 अगस्त तक प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक प्रज्ञा पुराण कथा का आयोजन होगा। वहीं 3 अगस्त को चतुर्थ चरण की अखंड ज्योति तीर्थयात्रा का बांसवाड़ा जिले में मंगल प्रवेश होकर 31 दिसम्बर 2026 तक बांसवाड़ा जिले के ग्राम्यांचल में सिलसिलेवार श्रीमद् प्रज्ञा पुराण कथा सप्ताह का क्रम चलेगा।