
राजकीय प्राथमिक विद्यालय, रोत फला राजपुर का मामला
धंबोला. ब्लॉक सीमलवाड़ा के पीईईओ गड़ा पट्टा पीठ अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय, रोत फला राजपुर में केवल एक ही कमरा उपलब्ध होने के कारण कक्षा 1 से 5 तक के सभी विद्यार्थियों को एक साथ बैठकर पढ़ाई करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि इसी एक कमरे में विद्यालय का कार्यालय भी संचालित होता है, वहीं फर्नीचर, शिक्षण सामग्री और अन्य सामान भी रखा हुआ है। ऐसे में विद्यार्थियों को न तो पर्याप्त जगह मिल पा रही है और न ही अलग-अलग कक्षाओं का सुचारु संचालन हो पा रहा है। इससे शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होने के साथ बच्चों की पढ़ाई पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि भवन की समस्या से उच्च अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक अतिरिक्त कक्ष निर्माण या भवन विस्तार की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। विद्यालय की एक और बड़ी समस्या मिड-डे मील के लिए बना छोटा कीचन है। सीमित स्थान होने से भोजन बनाने में रसोइयों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिससे व्यवस्थाएं प्रभावित होती हैं। ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि यदि शीघ्र ही अतिरिक्त कक्षों और बड़े किचन का निर्माण नहीं कराया गया तो बच्चों की शिक्षा और सुविधाएं दोनों प्रभावित होती रहेंगी।
Updated on:
08 Aug 2026 06:00 am
Published on:
08 Aug 2026 06:00 am
