
व्यापार संघ की बैठक में लिए कईं निर्णय
धंबोला. व्यापारी संघ गैंजी की बैठक हुई। अध्यक्षता व्यापारी संघ के अध्यक्ष प्रकाश कलाल ने की, जबकि संचालन सचिव जितेंद्र कुमार पंचाल ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने संगठन की मजबूती, व्यापारिक हितों और गांव के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की तथा सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।
बैठक में तय किया गया कि प्रत्येक माह की पूर्णिमा को गैंजी का बाजार पूर्णतः बंद रखा जाएगा। संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सभी व्यापारी नियमित रूप से मासिक अंशदान जमा करेंगे। व्यापारियों की आपात परिस्थितियों एवं हितों की रक्षा के लिए विशेष समिति और सहायता कोष का गठन कर उसका पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। व्यापारी संघ ने गांव की विभिन्न समस्याओं को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाकर उनके स्थायी समाधान के लिए भी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इसके साथ ही आगामी पंचायत चुनावों में गांव के विकास को प्राथमिकता देने वाले योग्य एवं निष्पक्ष सरपंच के चयन में संगठनात्मक सहयोग देने का निर्णय भी लिया गया। बैठक में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को लेकर भी महत्वपूर्ण फैसले हुए। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा तथा प्रत्येक रविवार दो घंटे गांव में स्वच्छता अभियान जारी रखने का निर्णय लिया गया। बैठक में भंवर कलाल, मोहन कलाल, पोपटलाल पंचाल, लक्ष्मण सिंह राठौड़, बादल सिंह राठौड़, नरेश कलाल, सुरेश कलाल, मोहित कलाल, पंकज कलाल, पवन टांक, राजेंद्र लखारा, अशोक पंचाल, राकेश कलाल, भूपेंद्र पंचाल सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।
Updated on:
28 Jul 2026 06:00 am
Published on:
28 Jul 2026 06:00 am
