बांसवाड़ा. तंबाकू सामग्री का खुलेआम डिस्पले होने पर शहर में एक ही दिन में 21 चालान काटे। कुछ स्थानों पर तंबाकू सामग्री जब्त कर नष्ट भी की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एचएल ताबियार ने बताया कि 31 जुलाई तक टोबेको फ्री यूथ कैम्पेन चलाया जा रहा है। जिसके तहत राज्य सरकार के निर्देशानुसार कार्रवाईयां की जा रही है। उन्होंने कहा कि कोटपा एक्ट के तहत कोई भी व्यापारी तंबाकू उत्पादों को डिस्पले नहीं कर सकता है। तंबाकू उत्पादों को बढ़ावा मिले, ऐसी प्रक्रिया करने पर कार्रवाई की जा रही है। इसीके तहत बुधवार को चिकित्सा विभाग की टीम में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारी उम्मेदमल टेलर, औषधि नियंत्रण अधिकारी विशाल जैन, एनटीसीपी डीपीओ डॉ हेमलता जैन ने पुराना बस स्टैंड, नया बस स्टैंड, प्रताप सर्किल, उदयपुर रोड पर कार्रवाई करते हुए 21 चालान काटे। साथ ही तंबाकू उत्पादों को डिस्पले नहीं करने के निर्देश दिए। इस पर व्यापारियों ने भी अगली बार उत्पाद को डिस्पले नहीं करने का विश्वास दिलाया।
सीईओ, एडिशनल सीईओ, एएसपी ने की आमजन से तंबाकू नहीं खाने की अपील
चिकित्सा विभाग के इस अभियान में प्रशासन, पुलिस और अन्य सभी विभागों का सहयोग मिल रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को जिला परिषद सीईओ गोविंद सिंह राणावत, एसीईओ कैलाश बरोलिया, एएसपी कानसिंह भाटी ने आमजन से अपील की कि वह अपने स्वास्थ्य के लिए तंबाकू छोड़ दे। उन्होंने कहा कि तंबाकू से गंभीर बीमारियों का प्रकोप बढ़ता है। जिससे हमारी मौत भी हो सकती है। उन्हांेने कहा कि अपने परिवार की खुशहाली के लिए तंबाकू आज से ही छोड़ने का संकल्प लेवें।
60 दिवसीय अभियान में होंगे विभिन्न कार्यक्रम
डिप्टी सीएमएचओ डॉ राहुल डिंडोरन ने बताया कि प्रदेश में 31 मई से 31 जुलाई तक संचालित किए जा रहे तम्बाकू फ्री यूथ कैम्पेन के तहत 60 दिवसीय जन-जागरुकता कैम्पेन, कोटपा एक्ट के प्रावधानों के अनुसार प्रतिबंधित स्थानों पर तम्बाकू का विक्रय-सेवन पर रोक लगाने के लिए चालान कार्यवाहियों सहित सामुदायिक स्तर पर इसके प्रति जन-जागरुकता विकसित करने की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।