
सागवाड़ा. गलियाकोट मार्ग पर रिसोर्ट के सामने हुए सडक़ हादसे में डेचा निवासी युवक की मौत हो गई। हादसे में दोनों मोटर साइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
पुलिस के अनुसार ओबरी थानान्तर्गत डेचा निवासी प्रकाशचन्द्र पुत्र खेमनाथ रावल ने दी रिपोर्ट में बताया कि उनका पुत्र अभिनव रावल (१९) प्रतिदिन की तरह कपिल सेवक के गैराज’ पर काम करने जा रहा था। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे अभिनव ओबरी से मोटर सा्इकिल लेकर सागवाड़ा निजी कार्य से आया था। वापस डेचा लौटते समय शाम करीब 6 बजे जब वह रिसोर्ट के सामने अपनी साइड में सावधानीपूर्वक बाइक चला रहा था, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार मोटर साइकिल के चालक ने लापरवाहीपूर्वक व तेज गति से गलत साइड में आकर सीधी टक्कर मार दी।
तेज टक्कर से अभिनव सडक़ पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर 108 एंबुलेंस पहुंची। घायल अभिनव को तुरंत सरकारी अस्पताल सागवाड़ा ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना की सूचना मृतक के परिजनों को अभिनव की बुआ बना पत्नी सुरेश जोगी निवासी घाटा का गांव हाल नेमीनाथ नगर सागवाड़ा ने दी। पिता प्रकाशचन्द्र रावल ने रविवार को सागवाड़ा थाने पहुंचकर रिपोर्ट दी। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को मौके से जब्त कर लिया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार मृतक का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Updated on:
03 Aug 2026 06:00 am
Published on:
03 Aug 2026 06:00 am
