Barabanki News: उत्तर प्रदेश STF के सहयोग से महाराष्ट्र पुलिस की पुणे क्राइम ब्रान्च ने बाराबंकी से दो ड्रग्स माफियाओं को गिरफ्तार किया है। हाल ही में पुणे से हुई 300 करोड़ की ड्रग्स बरामदगी में दोनों की तलाश थी।
Barabanki News: जनपद में एसटीएफ और महाराष्ट्र पुलिस की पुणे क्राइम ब्रान्च के साथ संयुक्त अभियान में दो ड्रग्स माफिया गिरफ्तार हुए हैं। 4 अगस्त 2023 नासिक में बरामद 150 किलो एमडी (ड्रग्स) (कुल कीमत 300 करोड़) की बरामदगी के बाद से दोनों की तलाश थी। दोनों को उस समय गिरफ्तार किया गया जब दोनों बहराइच के रास्ते नेपाल भागने के प्रयास में थे। पकड़े गए माफियाओं में से एक भूषण अनिल पाटिल ड्रग माफिया ललित पाटिल का सगा छोटा भाई है व अभिषेक बिलास बालकवड़े ललित पाटिल के ड्रग्स नेटवर्क का मुख्य प्रबंधक है। ये दोनों साल 2014 से मुंबई के रेव पार्टियों और पब्स में ड्रग्स की सप्लाई का काम कर रहे थे। फिलहाल पुणे क्राइम ब्रांच उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लेकर रवाना हो गई।
एसीपी क्राइम ब्रांच पुणे ने मांगी थी मदद
इस संबंध में सीओ एसटीएफ लखनऊ धर्मेष कुमार शाही ने बताया कि क्राइम ब्रांच पुणे के सहायक पुलिस आयुक्त सुनील ताम्बे ने लखनऊ एसटीएफ कार्यालय में पहुंचकर बताया था कि महाराष्ट्र राज्य में विगत दिनों हुयी 150 किलो एमडी (ड्रग्स) अनुमानित मूल्य तीन सौ करोड़ की बरामदगी से सम्बंधित मुख्य आरोपी जनपद लखनऊ में मौजूद हैं व नेपाल भागने की फिराक मे हैं तथा यह भी बताया गया की यह दोनों अभियुक्त जनपद पुणे व नासिक के कई अन्य मादक पदार्थ तस्करी के अभियोगों में वांछित हैं। ऐसे में उनकी गिरफ्तारी के लिए मदद की मांगी गई थी। इसपर सर्विलांस की सहायता ली गई तो दो संदिग्ध ट्रेस हुए थे।
ऐसे गए पकड़े
सीओ STF ने बताया कि सर्विलांस और लोकल इंटिलिजेंस से पता चला कि अभिषेक बिलास बालकवड़े उपरोक्त, भूषण अनिल पाटिल उपरोक्त जो नासिक में बरामद 150 किलो एमडी (ड्रग्स) की बारामदगी में फरार चल रहे हैं वे जनपद बाराबंकी में मौजूद है, तथा नेपाल भागने की फिराक में है। यदि जल्दी की जाये तो उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। इस सूचना विश्वास करते हुए एसटीएफ मुख्यालय में स्थित गठित टीम द्वारा क्राईम ब्रान्च पुणे की टीम को साथ लेकर मुखबिर के बताये हुए स्थान जनपद बाराबंकी के बहराइच मोड़ पर पहुंचकर, मुखबिर की निशानदेही पर अभिषेक बिलास बालकवड़े निवासी-फ्लैट नम्बर 8, विजय एनएक्स टाकली रोड, नासिक, महाराष्ट्र और भूषण अनिल पाटिल निवासी-अक्षरधरा फ्लैट नम्बर 301, मातोश्री नगर, नासिक, महाराष्ट्र को गिरफ्तार कर लिया।
डेढ़ करोड़ प्रति किलो के हिसाब से बिकती थी ड्रग्स
गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ पर बताया की भूषण अनिल पाटिल ड्रग माफिया ललित पाटिल का सगा छोटा भाई है व अभिषेक बिलास बालकवड़े ललित पाटिल के ड्रग्स नेटवर्क का मुख्य प्रबंधक है। दोनों ने बताया की वह दोनों ललित पाटिल के साथ वर्ष 2014 से पब बार व रेव पार्टियों में प्रयोग की जाने वाली प्रतिबंधित एमडी (ड्रग) का निर्माण कर रहे थे। इस कार्य के लिए पहले औरंगाबाद में फिर पुणे व नासिक में इन लोगो द्वारा कारखाना लगाया गया था वर्ष 2020 में ललित पाटिल के गिरफ्तार होने के बाद ललित के ही इशारे पर उसके भाई भूषण अनिल पाटिल व प्रबंधक अभिषेक बिलास बालकवड़े द्वारा पूरे गिरोह की कमान संभाल ली गयी। ड्रग्स डेढ़ करोड़ प्रतिकिलो के हिसाब से बिकती थी। इससे मिले पैसों से 8 किलो सोना खरीदा था।