
मायावती को अखिलेश यादव ने दिया सबसे बड़ा झटका, इन बड़े नेताओं को सपा में कराया शामिल
बाराबंकी. दो बार सासंद, दो बार विधायक और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रहे कमला प्रसाद रावत ने बहुजन समाज पार्टी छोड़ दी है। कमला प्रसाद रावत पूरे परिवार समेत एक बार फिर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव खुद इन्हें सदस्यता दिलाई। जानकारी के मुताबिक इन नेताओं की सपा में वापसी कराने के पीछे एमएलसी राजेश कुमार उर्फ राजू यादव का अहम रोल है। राजू यादव ने अखिलेश यादव के निर्देश पर ये अहम भूमिका निभाई।
ये नेता भी हुए समाजवादी
कमला प्रसाद के साथ उनकी पत्नी व पूर्व विधायक धर्मी रावत, पुत्र बधू पूर्व जिला पंचायत सदस्य लवली और पुत्र वेदप्रकाश रावत ने भी सपा की सदस्यता ली। इनके साथ ही नगर पालिका परिषद नवाबगंज के पूर्व चेयरमैन, बहुजन समाज पार्टी से निष्कासित रामनगर विधानसभा प्रत्याशी हफीज भारती और क्षेत्र के दर्जनों ग्राम प्रधान भी सपा में शामिल हो गये। आपको बता दें कि हफीज भारती की पत्नी नगर पालिका अध्यक्ष के लिए चुनाव लड़ रही थीं लेकिन अब वे समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव मैदान से हट गई हैं।
बेनी बाबू से हुई थी बात
सपा में शामिल होने पर कमला प्रसाद रावत ने कहा कि सपा में दोबारा वापसी की बात सबसे पहले राज्य सभा सदस्य बेनी प्रसाद वर्मा से हुई। आगे का काम एमएलसी राजू यादव ने किया। कमला प्रसाद रावत मूल रूप से जहांगीराबाद के मुजफ्फरमऊ के रहने वाले हैं। कमला 1984 में 26 वर्ष की आयु में कांग्रेस और 2004 में बीएसपी से सांसद रहे। 1996 में सपा व 2002 में बसपा के टिकट पर सिद्धौर सीट से विधायक बने। कमला प्रसाद रावत उत्तर प्रदेश सरकार में होम्योपैथिक राज्यमंत्री भी रह चुके हैं। साल 2007 में बसपा के टिकट पर इनकी पत्नी धर्मीरावत सिद्धौर से विधायक बनीं।
संगठन को करना है मजबूत
इन नेताओं के सपा में शामिल होने पर एमएलसी राजू यादव ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें साल 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए जिले में संगठन को मजबूत करने के साथ ही कुर्मी, पासी और मुस्लिम वर्ग को मजबूती से जोड़ने की जिम्मेदारी दी है। राजू यादव ने बताया कि वेदप्रकाश रावत पूर्व प्रत्याशी विधानसभा जैदपुर, लल्ली रावत सदस्य जिला पंचायत और नजरुद्दीन, निजामुद्दीन (ग्राम प्रधान), अजीज अहमद अज्जू एवं रामराज यादव समेत कई और लोग भी समाजवादी पार्टी में शामिल हुए हैं। जिलाध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि पार्टी की नीतियों व विकास कार्यों के प्रति लगाव को देखते हुए इन लोगों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।
निकाय चुनाव में दिख सकता है असर
कांग्रेस से राजनीति शुरु करने वाले कमला प्रसाद रावत बाराबंकी जिले में सबसे कम उम्र के सांसद रह चुके हैं। वह कांग्रेस से सांसद बने थे। कुछ सालों तक कांग्रेस में राजनीति करने के बाद उन्होंने सपा का दामन थामा और बाद में विधानसभा क्षेत्र सिद्धौर से विधायक बने। उसके बाद वे बहुजन समाज पार्टी में शामिल हो गये। सिद्धौर से विधायक बनने के बाद बसपा में उनको लालबत्ती भी मिली। तब से वह लगातार बसपा में ही राजनीति कर रहे थे। लेकिन एक बार फिर कमला प्रसाद रावत ने पलटी मारते हुए सपा ज्वाइन की है। आपको बता दें कि इन बड़े नेताओं के बसपा छोड़कर सपा में शामिल हो जाने के बाद जिले में अब बसपा के नेता अब न के बराबर ही रह गये हैं। वहीं इन नेताओं के सपा में शामिल होने के बाद सपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त खुशी की लहर दौड़ गयी है। आपको बता दें कि बसपा नेताओं के सपा में शामिल होने के बाद इसका बड़ा असर जिले में होने वाले निकाय चुनाव में भी पड़ सकता है।
Published on:
21 Nov 2017 10:17 am

बड़ी खबरें
View Allबाराबंकी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
