
एमबीबीएस की फर्जी मार्कशीट से इंटर्नशिप करवाने का खेल, मेयो कॉलेज में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा
बाराबंकी. एमबीबीएस की फर्जी मार्कशीट बनवाकर नामी मेडिकल कॉलेज से इंटर्नशिप करवाने के बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। इस मामले में पुलिस ने कॉलेज के मार्केटिंग मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मेडिकल कॉलेज के एडमिनिस्ट्रेटिव अफसर ने तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है कि करीब 40 छात्रों से लाखों की ठगी की गई है। साथ ही छात्रों की 161 असली मार्कशीट भी आरोपी लेकर चला गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई करने की तैयारी में है।
पूर्व कर्मचारी पर आरोप
पूरा मामला बाराबंकी शहर के गदिया स्थित मेयो इंस्टीट्यूूट ऑफ मेडिकल साइंसेज से जुड़ा है। जहां के एडमिनिस्ट्रेटिव अफसर राजवर्धन दीक्षित ने शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि इंस्टीट्यूट के मार्केटिंग मैनेजर रहे राजीव रंजन चौबे साल 2014 से कॉलेज में कार्यरत थे। उन्होंने छात्रों से लाखों रुपये लेकर इंटर्नशिप कराने के नाम पर फर्जी मार्कशीट दी है। इसको लेकर इन्हें कॉलेज प्रशासन ने नवंबर 2018 में नौकरी से निकाल दिया था। इस बीच जब कॉलेज प्रशासन ने जांच की तो पता लगा कि जो बच्चे टेबुलेशन में पास नहीं थे, उनकी फर्जी मार्कशीट तैयार कर इंटर्नशिप के लिए रजिस्ट्रेशन करवा दिया गया है। अब पैसा वापस मांगने और पूछताछ करने पर इन्होंने कॉलेज प्रशासन के कर्मचारियों और विद्यार्थियों को जान से मारने की धमकी भी दी।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
वहीं बाराबंकी के अपर पुलिस अधीक्षक आर.एस. गौतम ने बताया कि मेयो इंस्टीट्यूूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के एडमिनिस्ट्रेटिव अफसर राजवर्धन दीक्षित ने नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज करवाया था कि वहां के एक कर्मी ने फर्जी मार्कशीट बनवाकर कई लोगों को इंटर्नशिप के लिए एडमिशन करवा दिया। इन्होंने छात्रों से लाखों रुपये लेकर इंटर्नशिप कराने के नाम पर फर्जी मार्कशीट दी है। इस मामले में विवेचना के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
24 Apr 2019 12:40 pm

बड़ी खबरें
View Allबाराबंकी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
