
जलझूलनी एकादशी पर आज निकलेगी डोल शोभायात्रा
बारां. जलझूलनी एकादशी पर लगने वाले हाड़ौती के ख्यातनाम डोलमेले का आगाज मंगलवार को डोल शोभायात्रा के साथ हो जाएगा। नगरपरिषद की ओर से 17 दिवसीय डोल मेले की शुरूआत आज सुबह 11 बजे हो जाएगी। इस दौरान ध्वजारोहण भी किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि खान एवं गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया होंगे। अध्यक्षता बीसूका क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष रामचरण मीणा करेंगे। विशिष्ट अतिथि जिला प्रमुख उर्मिला जैन, विधायक पानाचन्द मेघवाल तथा निर्मला सहरिया होंगी। डोलमेला अध्यक्ष शिव शंकर यादव ने बताया कि मेले की समस्त तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेले में आने वाले लोगो के लिए बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
तालाब के सौन्दर्यकरण कार्यों का भी लोकार्पण
नगरपरिषद आयुक्त बृजेश रॉय, सभापति ज्योति पारस ने बताया कि डोलमेले के शुभारंभ के दौरान डोलमेला तालाब में कराए सौन्दर्यकरण के कामों का भी लोकार्पण किया जाएगा। शोभायात्रा में शामिल होने वाले देव विमानों का परिषद स्वागत करेगी।
अधिकारियों ने लिया जुलूस मार्ग का जायजा
देव विमान शोभायात्रा के मार्ग का सोमवार को पुलिस अधीक्षक राजकुमार चौधरी ने जाप्ते के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिनेन्द्र जैन, पुलिस उपाधीक्षक राजेन्द्र मीणा, एसडीएम दीपक मित्तल, नगरपरिषद आयुक्त समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
पुख्ता रहेगी व्यवस्था
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिनेन्द्र कुमार जैन ने बताया कि डोल शोभायात्रा के दौरान जिले में करीब 12 सौ पुलिस अधिकारी व जवान तैनात रहेंगे। शहर में शोभायात्रा को लेकर सात सौ पुलिस अधिकारियों व पुलिसकर्मियों की तैनातगी की जाएगी। इसमें दो एएसपी, 12 पुलिस उपाधीक्षक तथा एक दर्जन से अधिक सीआई समेत एसआई व एएसआई तैनात रहेंगे। शोभायात्रा मार्ग समेत डोलमेला क्षेत्र को पांच भागों में बांटा गया है। इसमें प्रत्येक स्थान पर एक मजिस्ट्रेट व एक पुलिस उपाधीक्षक समेत पुलिस जाप्ता तैनात रहेगा।
शामिल होंगे 9 अखाड़े
जलझुलनी एकादशी पर निकाली जाने वाली डोल शोभायात्रा में 9 अखाड़े भी शामिल होंगे। ये मंगवार दोपहर 12 बजे प्रताप चौक से इंद्रा मार्केट में प्रवेश करना शुरु कर देंगे। हिन्दू अखाड़ा समिति के जिलाध्यक्ष मुकेश शर्मा नेपाली ने बताया कि जलवा पूजन के दौरान ड्रोन से पुष्प वर्षा की जाएगी।
ड्रोन से रहेगी कड़ी चौकसी
शोभायात्रा मार्ग की ड्रोन से निगरानी की जाएगी। पचास से अधिक जवान सादा वर्दी में जगह-जगह तैनात रहेंगे। ये हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखेंगे। शोभायात्रा मार्ग में दर्जनों स्थानों के भवनों पर भी पुलिसकर्मी लगाए जाएंगे। सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से भी शोभायात्रा पर नजर रखी जाएगी। शोभायात्रा में शामिल डीजे की उंचाई दस फीट से कम रखने के निर्देश दिए गए हैं।
Published on:
25 Sept 2023 11:23 pm
बड़ी खबरें
View Allबारां
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
