
Rajasthan Budget Baran: फोटो पत्रिका
बारां। राज्य सरकार की ओर से बुधवार को पेश किए बजट में यों तो करोड़ों की लागत से विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी गई है। इसमें छबड़ा क्षेत्र में 80 करोड़ की ल्हासी बांध डाउन स्ट्रीम में बाढ़ राहत कार्य कराए जाने की बड़ी घोषणा की गई है।
इसके अलावा बारां शहर में करीब 42 करोड़ की लागत से यातायात व्यवस्था, खेल सुविधाओं के विस्तार और डोल तालाब पर मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के कार्य कराए जाने की घोषणा की गई है। इससे शहरी विकास एवं आधारभूत ढांचा विकसित होगा। हालांकि बजट में शहर की यातायात और जाम से राहत के लिए पार्किंग, नए संपर्क रोड बनाने के प्रस्ताव स्वीकृत नहीं होने से निराश हुई है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों के स्तर पर मजबूत प्रयास करने की जरूरत है।
नगरपरिषद के अधिशासी अभियंता भुवनेश मीणा ने बताया कि कोटा रोड स्थित आरओबी से धानमंडी रोड की ओर स्लिप लेन निर्माण कार्यं के लिए 11.50 करोड़ की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की गई है। इसके तहत कोटा रोड से कृषि उपज मंडी गेट के समीप तक करीब 380 मीटर लम्बाई और करीब साढ़े 5 मीटर चौड़ाई में स्लिप लेन का निर्माण होगा। इसके लिए वन विभाग की कुछ जमीन लिया जाना प्रस्तावित है। फिलहाल इसकी डिजायन व नक्शा आदि को रिवाइज भी किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए अगले सप्ताह तक नए प्रस्ताव भेजे जाएंगे। इसके बाद अप्रेल माह तक निविदा जारी करने के प्रयास हैं।
इसके अलावा कोटा रोड आरओबी के विवेकानन्द सर्किल को भी टू-लेन में किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए वन विभाग की कुछ जमीन लेने की आवश्यकता रहेगी। नगरपरिषद का प्रयास है कि जिला कलक्टर ओर विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर इस चौक को टू-लेन किया जाए। इसके बनने से कृषि मंडी से निकलने वाले ट्रकों व ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को घूमने में होने वाली समस्या का समाधान होगा।
शहर को मिली प्रमुख सौगात में डोल तालाब पर चौपाटी, फ्लैग पोस्ट, पार्किंग आदि विकास कार्य किए जाने की है। इसके लिए 4 करोड़ का बजट प्रावधान किया गया है। इसके तहत बारां रेलवे स्टेशन व कोटा की तर्ज पर 100 फीट ऊंचाई में फ्लैग पोस्ट लगाया जाएगा। तालाब पर कैफेट एरिया और एंट्री प्लाजा तथा फूड कोट विकसित किया जाएगा।
इसके तहत फल-सब्जी मंडी की ओर से भव्य मुख्य प्रवेश द्वार बनाया जाएगा। पार्किंग, महिला-पुरुष सुलभ शौचालय, पेयजल आदि की व्यवस्था रहेगी। छोटे कार्यक्रम करने और पर्यटकों के लिए बैठक व्यवस्था रहेगी। इसी क्षेत्र में जलदाय विभाग की टंकी के समीप फूड कोर्ट के तहत चौपाटी विकसित की जाएगी।
बजट में शहर में खेल स्टेडियम की बड़ी सौगात दी गई है। हालांकि इसके लिए नगरपरिषद की ओर से अब प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों और उच्चाधिकारियों से चर्चा कर स्थान चिन्हित किया जाएगा। नगरपरिषद का प्रयास है कि शहर के निकट कलमंडा गांव में खाली पड़ी सरकारी जमीन पर खेल स्टेडियम बनाया जा सकता है।
जनप्रतिनिधियों व प्रशासन की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद इसकी डीपीआर तैयार कर भेजी जाएगी। स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम, बैडमिंटन आदि के लिए हॉल, फुटबॉल, हॉकी आदि खेलों के लिए खेल मैदान तैयार किए जाएंगे। इस पूरे प्रोजेक्ट के लिए अनुमानित 20 से 25 करोड़ रुपए के प्रस्ताव तैयार होंगे।
Published on:
12 Feb 2026 03:20 pm
बड़ी खबरें
View Allबारां
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
