
आवासीय जमीन पर अस्पताल निर्माण, कलक्टर से मांगा जवाब
बारां. राजस्थान राज्य सहकारी आवासन संघ लिमिटेड ने माधवकुंज आवासीय योजना की जमीन उपजिला चिकित्सालय को देने और उस पर अस्पताल के निर्माण पर जिला कलक्टर को पत्र लिखकर जवाब मांगा है। मंगलवार को जयपुर से प्रबंध निदेशक ज्योति गुप्ता ने अधिकारियों के साथ जमीन पर चल रहे अस्पताल के निर्माण का जायजा लिया। लिखे गए पत्र में कलक्टर से भूमि आवंटन एवं वर्कऑर्डर की प्रमाणिक प्रति उपलब्ध कराने को कहा गया है। इधर, कलक्टर का कहना है कि विभाग की ओर से जानकारी मांगी गई थी। सीएमएचओ को निर्देशित कर दिया गया है। वहीं मामले में स्टे होने के बाद भी कार्य शुरू हुआ है तो इसकी जांच करवाकर जिम्मेदार विभाग व अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा।
यह है मामला
अटरू में कवाई रोड पर आवासीय विद्यालय के समीप 6.48 हैक्टेयर भूमि जिसकी उस समय कीमत 11 लाख 86 हजार रुपए थी जिस पर माधवकुंज सहकारी आवासीय कॉलोनी के मकान बनवाने के लिए जमीन का आवंटन 2006 को किया गया था। जिसे वर्ष 2016 में राजस्व विभाग द्वारा निरस्त कर आवासन संघ की राशि भी जब्त कर ली गई थी। तत्पश्चात आवासन संघ द्वारा राजस्थान उच्च न्यायालय में वर्ष 2018 में वाद दायर किए जाने पर, उच्च न्यायालय से स्टे मिला। मामला कोर्ट में जाने के चलते इस पर स्टे लग गया था। स्टे लगने के बाद भी तत्कालीन सरकार ने इस जमीन को चिकित्सा विभाग को आवंटित कर दिया। इसके बाद उप जिला चिकित्सालय के निर्माण के वर्कऑर्डर जारी कर दिए गए। वर्तमान में वहां पर अस्पताल का निर्माण चल रहा है।
Published on:
30 Jan 2024 08:50 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
