
#goodnews : जिला जेल की नई विंग शीघ्र शुरू होगी, 132 बंदियों की क्षमता होगी
बारां. जिला मुख्यालय पर स्थित जिला जेल में करीब दो करोड़ की लागत से निर्मित भवन की दूसरी विंग तैयार हो चुकी है। इससे अब पुरानी जेल में रह रहे बंदियों के दबाव में कमी आएगी। जेल आगामी एक या दो माह में शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
वर्तमान जेल में क्षमता से अधिक बंदियों के आने के कारण जेल प्रशासन को कई तरह की सामान्य और सुरक्षा संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इसके चलते पुलिस आवासन मण्डल की स्वीकृति के बाद वर्ष 2021 में एक अतिरिक्त विंग का निमार्ण कार्य शुरु करवाया गया था। करीब दो करोड़ से बनी इस नई विंग का कार्य करीब पूर्ण हो चुका है।
यह हुआ निर्माण कार्य
जैल भवन की दूसरी विंग 222 गुणा 280 वर्ग फीट क्षेत्र में भूतल तथा प्रथम तल के रूप में बनाई गई है। दूसरी विंग में 132 बंदियों की क्षमता के बैरिक बनाए गए हैं। इसमें दो बैरिक, एक मनोरंजन हॉल तथा टॉयलेट आदि शामिल हैं। विंग की सुरक्षा दीवारों पर अन्तिम चरण में सुरक्षा वायर लगाने का कार्य किया जा रहा है, जो शीघ्र ही पूर्ण हो जाएगा।
वर्तमान में यह हैं हालात
जिला जेल की क्षमता 164 बंदियों की है। लेकिन वर्तमान में यहां पर 280 से अधिक बंदी मौजूद हैं। जेल में चार बैरिक तथा एक महिला बैरिक व एक लंगर मौजूद है। बंदियों का भार दिनोंदिन बढऩे के कारण परेशानी आती है। अभी अप्रेल माह में ही 100 बंदियो को बूंदी व झालावाड़ जेल में शिफ्ट किया गया था। उसके बाद भी जेल में 280 बंदी मौजूद हैं।
बढ़ जाएगा कार्य भार
वर्तमान में जिला जेल में 32 कर्मचारियों का स्टाफ तैनात है। इसमें 26 प्रहरी, 6 मुख्य प्रहरी, एक कारापाल तथा एक उप कारापाल तैनात हैं। वहीं जेल की बाहरी सुरक्षा के लिए आधा दर्जन आरएसी के जवान तैनात रहते हैं। हालांकि अभी विभिन्न मामलो में चार जेल प्रहरी निलंबित चल रहे हैं।
- अधिकारियों ने किया था निरीक्षणनए भवन की पुराने भवन से जुड़ाव को लेकर डेढ़ माह पूर्व कोटा जेल अधीक्षक ने निरीक्षण करके आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान करते हुए प्रारुप तैयार किया गया था। अब फाइनल निरीक्षण के लिए पुलिस आवासन मण्डल जयपुर के उच्चाधिकारी विजिट करेंगे। इसके बाद नई विंग शुरू हो पाएगी।
- वर्तमान जेल में बंदियों की संख्या का अधिक भार रहने के कारण परेशानी आती थी। अब नई विंग शुरू होने से इसमें राहत मिलेगी। नई जेल विंग करीब दो माह में शुरु हो जाने की उम्मीद है।
- किशनचन्द मीणा, कार्यवाहक अधीक्षक, जिला जेल, बारां
Published on:
01 Jul 2023 06:00 am
बड़ी खबरें
View Allबारां
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
