बारां

जिले में जून के अंत में होगी मानसून की बारिश, तब तक चलता रहेगा मौसम में उतार-चढ़ाव

वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ यूपी के आसपास द्रोणिका के रूप में बना है। मौसम प्रणालियों के असर से प्रदेश में रुक-रुक कर वर्षा का सिलसिला बना हुआ है। फिलहाल 9 जून तक मौसम ऐसा ही रहेगा।

3 min read
Jun 08, 2025
source patrika photo

दोपहर बाद छाए बादल, तापमान 2 डिग्री बढ़ा, कुछ स्थानों पर मामूली बूंदाबांदी

बारां. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद पिछले सप्ताह जिलेभर में आंधी-तूफान और बारिश का दौर जारी रहा। शुक्रवार को दिनभर मौसम साफ रहने के बाद शनिवार को दोपहर बाद आसमान में फिर से बादलों की आवक होती रही। लगातार दूसरे दिन तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे उमस का असर बढ़ गया।

9 जून तक ऐसा ही रहेगा

मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ यूपी के आसपास द्रोणिका के रूप में बना है। मौसम प्रणालियों के असर से प्रदेश में रुक-रुक कर वर्षा का सिलसिला बना हुआ है। फिलहाल 9 जून तक मौसम ऐसा ही रहेगा। इस बीच मौसम विभाग की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, मानसून की एंट्री प्रदेश में झालावाड़, कोटा या डूंगरपुर-उदयपुर के रास्ते से हो सकती है।

प्री-मानसून ने ठंडा किया नौतपा

जिले में मानसून के आने से पहले ही प्री-मानसून की बारिश ने तापमान को ठंडा कर दिया है। नौतपा के खत्म होते ही मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया था। जानकारी के अनुसार अभी तक दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र के आधा से अधिक इलाके को कवर कर चुका है। यही ,राजस्थान में भी जमकर बारिश कराता है। यह अभी धीमी रफ्तार से राजस्थान की तरफ बढ़ रहा है। मौसम विभाग की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में एंट्री के साथ ही मानसून की रफ्तार बढ़ जाएगी और तेजी से राजस्थान की तरफ बढ़ेगा। जानकारी के मुताबिक फिलहाल मानसून की उत्तरी सीमा मुंबई, अहिल्या नगर, आदिलाबाद, भवानीपटना, पुरी, बालुरघाट से होकर गुजर रही है। ऐसे में प्रदेश में मानसून की एंट्री 20 से 25 जून के बीच होने की संभावना है। 25 जून के बाद पूरे प्रदेश में अच्छी वर्षा का दौर शुरू हो सकता है। इधर मौसम विभाग का अनुमान है कि 18 जून तक मानसून मध्यप्रदेश में प्रवेश कर जाएगा और 5 दिन के बाद यानी 22 जून तक प्रदेश को टच कर जाएगा। इसके 1-2 दिन बाद ही मानसून झालावाड़ को अपनी गिरफ्त में ले लेगा। मौसम विभाग के मुताबिक 20 जून के आसपास मानसून राजस्थान के सिर्फ बांसवाड़ा जिले तक पहुंचेगा। जबकि 2 दिनों के बाद यह झालावाड़, इसके बाद बारां जिले में प्रवेश कर जाएगा।

आधी रात बूंदाबांदी

शाहाबाद. क्षेत्र में बीती रात शुक्रवार तथा शनिवार की दरमियानी रात 1 बजे 5 मिनट तक तेज बारिश हुई। इसके बाद हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे शनिवार सुबह मौसम में थोड़ी ठंडक रही। शनिवार को सुबह से ही आसमान साफ हो गया और दिनभर तेज धूप खिली रही। तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी हो गई और दिनभर लोगों को लू महसूस हुई। शनिवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

औसत से अधिक बारिश का अनुमान

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस बार पश्चिमी राजस्थान और पूर्वी राजस्थान के दोनों इलाकों में औसत से अधिक बारिश होगी। मौसम विभाग का मानना है कि इस बार राजस्थान में 20 जून से मानसूनी बरसात का सिलसिला शुरू होगा, जो सितंबर तक चलेगा। इस दौरान राजस्थान में 115 प्रतिशत तक बारिश हो सकती है।

तापमान 43 डिग्री पर पहुंचा

बारां. शहर समेत जिलेभर में शनिवार को चार-पांच दिनों में अधिकतम तापमान 34 डिग्री से बढ़ते वापस 43 डिग्री पर जा पहुंचा। इसके चलते लोग दिनभर गर्मी व लू के थपेड़ों से आहत रहे। दोपहर बाद आसमान पर बादलों की आवाजाही हुई, इसके बाद लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की। जिले के शाहाबाद क्षेत्र में कुछ देर मामूली बूंदाबांदी हुई है। वहीं अधिकतम तापमान के साथ ही न्यूनतम तापमान में में भी एक डिग्री ही बढ़ोत्तरी हुई। शहर में शनिवार को अधिकतम तापमान दो डिग्री बढ$कर 43 डिग्री रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 31 डिग्री रहा। आगामी एक सप्ताह तक करीब यही तापमान बना रहने की संभावना मौसम विभाग ने बताई है। इसके बाद वापस तापमान में गिरावट होना शुरु हो जाएगा।

Updated on:
08 Jun 2025 12:44 pm
Published on:
08 Jun 2025 12:43 pm
Also Read
View All

अगली खबर