सीसवाली. थाना क्षेत्र के पोखरा जिंद बाबा की बावड़ी के स्थान पर मंगलवार रात को जागरण के दौरान एक व्यक्ति 40 फुट की ऊंचाई से बावड़ी में कूद गया। काफी देर तक बाहर नही निकलने से लोगों ने रात में ही उसकी तलाश शुरू की। अंधेरा होने से कोई सफलता नही मिली। बुधवार सुबह को बावड़ी में पंप लगाकर पानी निकाला गया। पानी कम होने पर शव दिखाई दिया। पुलिस व लोगों ने रस्सों की मदद से उसे बाहर निकाला। थानाधिकारी राजपाल सिंह ने बताया कि बावड़ी में कूदने से से धर्मचंद उर्फ बन्टी (37) साल पुत्र बाबूलाल किराड़ निवासी प्रेमनगर कोटा की मृत्यु हो गई।
मृतक के पिता बाबूलाल ने बताया कि उसका पुत्र धर्मचंद बुलावे पर जागरण में शामिल होने आया था। जागरण के दौरान रात 12.30 बजे अचानक से धर्मचंद उठा और दौड़ कर बावड़ी में कूद गया। बुधवार सुबह पुलिस को सूचना मिलने पर शव बावड़ी से निकाला गया। शव को सीएससी सीसवाली लाकर मोर्चरी मे रखवाया गया। मृतक के परिजनों को सूचित किया गया। परिजन आने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर घरवालों को दे दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।