सीसवाली/बांरा. जिले के सीसवाली थाना क्षेत्र के सरकन्या गांव में शुक्रवार रात्रि को अज्ञात लोगों ने एक युवक की हत्या कर उसका शव दायीं मुख्य नहर की ड्रेन में फेंक दिया। शनिवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर सीसवाली पुलिस थानाधिकारी उत्तम सिंह जादौन घटना स्थल पर पहुंचे तथा वारदात की जानकारी ली। बाद में पुलिस अधीक्षक राजकुमार चौधरी, अन्ता के पुलिस उपाधीक्षक विजय कुमार, भी मौके पर पहुंच गए। मृतक की पहचान सरकन्या निवासी नेमीचन्द कुम्हार (35) के रूप में हुई। दोपहर को मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए सीसवाली चिकित्सालय ले जाया गया। इस वारदात की जांच शुरू कर दी गई है। डॉग स्कॉड व एफएसएल टीम जुटा रही है। पुलिस का डॉग वारदात स्थल से सरकन्या निवासी एक जने के घर पहुंचा। इसके बाद उसे डिटेन कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक चौधरी ने बताया कि इस मामले में अहम सुराग मिले है तथा इस वारदात का जल्द ही पर्दाफाश कर दिया जाएगा। अभी हत्या के कारणों को लेकर कुछ भी नहीं कहा जा सकता। जिस संदिग्ध को लाए है, उससे पूछताछ की जा रही है। वारदात में एक से अ धिक जने शामिल होने से भी इनकार नहीं किया जा सकता।