
बरेली। भुता थाना क्षेत्र के गांव अदीनापुर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। आत्मानंद विद्या मंदिर स्कूल में पढ़ने वाला छह वर्षीय छात्र लविश पानी पीने के लिए स्कूल परिसर के पास बने कुएं के नजदीक गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में जा गिरा। मासूम के कुएं में गिरते ही स्कूल परिसर में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में मातम पसरा हुआ है।
बताया जाता है कि स्कूल परिसर के पास एक पुराना और गहरा कुआं बना हुआ है। कुएं के पास ही पानी की टोंटी लगी है, जहां बच्चे पानी पीने जाते हैं। गुरुवार सुबह लविश भी पानी पीने पहुंचा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे कुएं में जा गिरा। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद अन्य बच्चे घबरा गए और जोर-जोर से शोर मचाने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर शिक्षक और आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत बच्चे को बचाने का प्रयास शुरू कर दिया। कुएं में रस्सियां डाली गईं और कई लोग नीचे उतरने की कोशिश करते रहे, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण काफी देर तक सफलता नहीं मिल सकी। इसी बीच सूचना मिलने पर भुता थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को कुएं से बाहर निकाला। हालत गंभीर होने पर उसे एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मासूम की मौत के बाद स्कूल परिसर के पास खुले कुएं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि कुएं के आसपास सुरक्षा इंतजाम होते तो शायद यह हादसा टल सकता था। घटना के बाद पूरे गांव में गम का माहौल है और हर किसी की जुबान पर सिर्फ एक ही सवाल है कि आखिर इस मासूम की मौत का जिम्मेदार कौन है।
Updated on:
07 May 2026 01:12 pm
Published on:
07 May 2026 01:11 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
