17 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नो एंट्री में घुसा ट्रक… ड्यूटी पर जा रहे होमगार्ड को कुचला, चार महीने बाद होना था रिटायरमेंट, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इज्जतनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर नो एंट्री में घुसे तेज रफ्तार ट्रक ने ड्यूटी के लिए जा रहे होमगार्ड को रौंद दिया। मौके पर ही मौत ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। हादसे के बाद ट्रैफिक पुलिस पर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी रुपये लेकर भारी वाहनों को नो एंट्री में जाने देते हैं।

2 min read
Google source verification

बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर नो एंट्री में घुसे तेज रफ्तार ट्रक ने ड्यूटी के लिए जा रहे होमगार्ड को रौंद दिया। मौके पर ही मौत ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। हादसे के बाद ट्रैफिक पुलिस पर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी रुपये लेकर भारी वाहनों को नो एंट्री में जाने देते हैं।

हार्टमैन रामलीला गोटिया निवासी 59 वर्षीय रमेश गिरी रोज की तरह मंगलवार को भी साइकिल से जजी कॉलोनी ड्यूटी के लिए निकले थे। कर्मचारी नगर चौकी के पास पहुंचते ही एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी सांसें थम गईं। सड़क पर गिरे शव को देख राहगीरों की रूह कांप गई।

नो एंट्री में ट्रक की एंट्री, सिस्टम पर उठे सबसे बड़े सवाल

जिस इलाके में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है, वहां ट्रक का पहुंचना अपने आप में बड़ा सवाल बन गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां नो एंट्री सिर्फ कागजों में है, जमीनी हकीकत कुछ और है। आरोप यह भी लगे कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी कथित रूप से रुपये लेकर ट्रकों को अंदर जाने देते हैं। इस घटना ने उन आरोपों को और हवा दे दी है और पूरे सिस्टम की कार्यशैली पर उंगली उठने लगी है।हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोग आक्रोशित थे और सड़क पर जाम जैसे हालात बन गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों के सवाल पुलिस को भी असहज करते नजर आए।

चार महीने बाद रिटायरमेंट, उससे पहले ही टूट गया परिवार

मृतक के बेटे विकास गोस्वामी ने बताया कि रमेश गिरी महज चार महीने बाद रिटायर होने वाले थे। परिवार उस दिन का इंतजार कर रहा था जब वह चैन की जिंदगी जी सकेंगे, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा सब कुछ खत्म कर गया। पत्नी मीना बेसुध हैं, बच्चों पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम का सन्नाटा पसरा है। एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान ने कहा कि मामले की जानकारी है, लेकिन मिनी बाईपास रोड पर नो एंट्री नहीं रहती है।