
बरेली। जानलेवा सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ बरेली में बड़ी पहल की शुरुआत हो गई है। महिला अस्पताल में मंगलवार को एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ हुआ, जहां पहले ही दिन 62 किशोरियों ने टीका लगवाकर जागरूकता का मजबूत संदेश दिया। खास बात यह रही कि अभियान की शुरुआत सीबीगंज लेबर कॉलोनी की किशोरी इशिता ने पहला टीका लगवाकर की।
इशिता ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर एक गंभीर और जानलेवा बीमारी है, जिसका इलाज बेहद महंगा और मुश्किल है। ऐसे में अगर इसका मुफ्त बचाव उपलब्ध है तो किसी को भी पीछे नहीं हटना चाहिए। टीकाकरण की जानकारी मिलते ही उन्होंने बिना झिझक टीका लगवाया और अन्य किशोरियों को भी प्रेरित किया। महिला अस्पताल में शुरू हुए इस अभियान के पहले दिन दोपहर दो बजे तक 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी (लेकिन 15 वर्ष से कम) 62 किशोरियों का टीकाकरण किया गया। यह संख्या प्रदेश में सर्वाधिक बताई जा रही है, जिससे स्वास्थ्य विभाग में उत्साह का माहौल है।
टीकाकरण अभियान का उद्घाटन सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह, महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. त्रिभुवन प्रसाद और डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अहमद की मौजूदगी में हुआ। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि सभी किशोरियों को टीकाकरण के बाद प्रमाण पत्र भी दिया गया। टीकाकरण के दौरान किसी भी किशोरी में कोई गंभीर दुष्प्रभाव (AEFI) सामने नहीं आया। डॉक्टरों की टीम पूरी तरह सतर्क रही। विशेषज्ञों ने बताया कि हल्का बुखार, सिरदर्द या दर्द जैसी सामान्य प्रतिक्रिया हो सकती है, जिसके लिए पैरासिटामॉल और पर्याप्त पानी/जूस लेने की सलाह दी गई है।
पहले दिन स्थिति सामान्य रहने के बाद बुधवार से जिले के 27 कोल्ड चेन केंद्रों पर टीकाकरण शुरू होगा। इसमें महिला अस्पताल, दो निजी मेडिकल कॉलेज, 8 यूपीएचसी और 16 सीएचसी शामिल हैं। अगले तीन माह तक रोजाना सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक टीकाकरण होगा, जबकि जुलाई से इसे नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल कर दिया जाएगा। टीका लगवाने वाली रिया, पूनम, उन्नति और अनुष्का ने कहा कि सुई का दर्द मामूली है, लेकिन कैंसर का दर्द जीवनभर का होता है। इसलिए बिना डर और संकोच के हर किशोरी को यह टीका जरूर लगवाना चाहिए।
Updated on:
17 Mar 2026 07:52 pm
Published on:
17 Mar 2026 07:51 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
