17 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ट्रक-डीसीएम की आमने-सामने भिड़ंत, आधे घंटे तक केबिन में फंसा रहा चालक, हालत नाजुक

नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम गरगैया के पास पुलिया पर मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रक और डीसीएम की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से एक-दूसरे में समा गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

2 min read
Google source verification

बरेली। नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम गरगैया के पास पुलिया पर मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रक और डीसीएम की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से एक-दूसरे में समा गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद ट्रक चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिसे निकालने के लिए पुलिस और फायर ब्रिगेड को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। चालक की हालत गंभीर बनी हुई है।

स्टेयरिंग में फंसा चालक, हर सेकंड बन गया जानलेवा

हादसे में ट्रक चालक सुनील कुमार (निवासी मधुबनी, बिहार) स्टेयरिंग के बीच बुरी तरह जकड़ गया। टक्कर इतनी तेज थी कि उसके शरीर का निचला हिस्सा पूरी तरह फंस गया और वह हिल भी नहीं पा रहा था। मौके पर मौजूद लोग मदद करना चाहते थे, लेकिन हालात इतने खतरनाक थे कि कोई सीधे हस्तक्षेप नहीं कर सका। हर बीतता सेकंड चालक की जिंदगी पर भारी पड़ रहा था।

हाइड्रा और सब्बल से चला रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। हालात को देखते हुए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन दोनों वाहनों की बॉडी इस कदर आपस में फंस चुकी थी कि चालक तक पहुंचना मुश्किल हो गया। इसके बाद हाइड्रा मशीन बुलाकर डीसीएम को पीछे खींचा गया। फिर खिड़की तोड़कर सब्बल की मदद से केबिन को फैलाया गया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला जा सका।

जिंदगी और मौत के बीच जूझता चालक, अस्पताल में भर्ती

रेस्क्यू के तुरंत बाद घायल चालक को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नवाबगंज भेजा गया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है। मौके पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए यातायात बहाल कराया। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही के खतरनाक परिणाम को उजागर कर गया। सड़क पर एक छोटी सी गलती किस तरह जिंदगी को मौत के मुहाने पर पहुंचा देती है, यह घटना उसकी जीती-जागती मिसाल बन गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।

बड़ी खबरें

View All

बरेली

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग