
बरेली। शहर की सड़कों को स्मार्ट और चौड़ा बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठ गया है। सीएम ग्रीन रोड परियोजना के तहत कोहाड़ापीर से सूद धर्मकांटा तक बनने वाली 2.4 किमी लंबी मॉडल सड़क का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। मंगलवार को हुई पैमाइश के बाद अधिकांश स्थानीय लोग संतुष्ट नजर आए, जिससे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए प्रशासन को खुली छूट मिल गई है।
नगर निगम द्वारा 47.14 करोड़ रुपये की लागत से इस मॉडल रोड का निर्माण किया जाएगा। परियोजना के तहत कोहाड़ापीर से कुदेशिया फाटक और सूद धर्मकांटा तक सड़क चौड़ीकरण और आधुनिक विकास कार्य होंगे, जिससे पूरे क्षेत्र की सूरत बदलने की उम्मीद है।
मंगलवार को अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय की अध्यक्षता में हुई बैठक में व्यापारियों और स्थानीय लोगों को प्रोजेक्ट की पूरी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने साफ किया कि सड़क की कुल चौड़ाई 70 फीट होगी और किनारों पर अस्थायी पार्किंग की भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि भविष्य में अतिक्रमण की समस्या दोबारा न खड़ी हो।
व्यापारियों की मांग पर नायब तहसीलदार विदित कुमार की अगुआई में चार स्थानों पर पैमाइश कराई गई। पैमाइश के बाद ज्यादातर लोगों ने संतोष जताया, जिससे प्रशासन को अतिक्रमण हटाने के लिए मजबूत आधार मिल गया है।
अधिकारियों के मुताबिक बुधवार को नैनीताल रोड पर भी पैमाइश की जाएगी, ताकि परियोजना में आ रही सभी बाधाओं को खत्म किया जा सके और काम में तेजी लाई जा सके।
रामपुर रोड के खलीलपुर क्षेत्र में नगर निगम और राजस्व टीम ने संयुक्त जांच कर कई प्रतिष्ठानों को अतिक्रमण की श्रेणी में पाया। गुप्ता मेडिकल, आहूजा साइकिल, प्रगति मेडिकल, माहेश्वरी मेडिकल और महाकालेश्वर ढाबा समेत कई स्थानों पर करीब 10 फीट तक अतिक्रमण चिन्हित हुआ है। इन सभी को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रशासन अब पुराने रिकॉर्ड और 1920 के नक्शे के आधार पर पैमाइश कर बड़े स्तर पर कार्रवाई की तैयारी में है। शहर में 400 से अधिक अवैध कब्जों पर अब संकट मंडरा रहा है, जिससे साफ संकेत मिल गया है कि इस बार अतिक्रमण के खिलाफ आर-पार की लड़ाई होगी।
Published on:
24 Mar 2026 09:38 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
