
ashok bhatia
बरेली। फ़िल्म थ्री इडियट्स में आपने प्रिंसिपल का रोल अदा कर रहे बोमन ईरानी को दोनों हाथों से बोर्ड पर लिखते देखा होगा, लेकिन हम आपको एक ऐसे व्यक्ति के बारे में बताने जा रहे हैं जो दोनों हाथों और दोनों पैरों से एक साथ लिखते हैं। इनकी लिखावट की खास बात यह है कि दाहिने हाथ से लिखने पर अक्षर की सही इमेज बनती है जबकि बाएं हाथ से उसी अक्षर की मिरर इमेज बनती है।
हम बात कर रहे हैं बरेली के जनकपुरी में रहने वाले व्यापारी अशोक भाटिया की। अशोक ने पढ़ाई के दौरान ही दोनों हाथों से लिखना शुरू कर दिया था, तब से वे लगातार इसका अभ्यास करते आ रहे हैं और अब वो इसमें महारत हासिल कर चुके हैं।
दोनों हाथों से चित्र बनाते हुए लिखने का खयाल आया
अशोक भाटिया जिले के पंजाबी मार्केट में रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाते हैं। वे बताते हैं कि जम्मू में पढ़ाई के दौरान उनका सब्जेक्ट में कला भी शामिल थी। तब वो चित्र बनाने के लिए दोनों हाथों का प्रयोग करते थे। धीरे धीरे उन्होंने दोनों हाथों से लिखना शुरू किया और कुछ सालों की मेहनत के बाद वो दोनों हाथों से बहुत आसानी से लिखने लगे। कुछ सालों पहले उन्हें पैरों से लिखने का खयाल आया और उन्होंने इसका अभ्यास शुरू कर दिया। आज अशोक दोनों हाथों और दोनों पैरों से एक साथ हिंदी और अंग्रेजी लिख लेते हैं। दोनों हाथों से लिखने के दौरान दाहिने हाथ से वास्तविक इमेज बनती है, जबकि बाए हाथ से लिखने पर उसी अक्षर की मिरर इमेज बनती है।
नहीं मिला कोई प्रोत्साहन
इस अनोखी प्रतिभा के धनी अशोक भाटिया की लिखावट देखकर हर कोई दांतों तले उंगली दबा लेता है, लेकिन उनको अफसोस इस बात का है कि अब तक उनकी ये प्रतिभा गुमनाम है। इसके बारे में उन्हें किसी तरह का प्रोत्साहन नहीं दिया गया।
गाने का है शौक, 200 से ज्यादा भजन कंठस्थ
अशोक भाटिया को गाने का भी बहुत शौक है। वे कई बार विभिन्न मंचों पर भजन आदि गाया करते हैं। उन्हें 200 से भी ज्यादा भजन कंठस्थ है।
Updated on:
04 Jan 2018 04:54 pm
Published on:
04 Jan 2018 01:45 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
