बरेली

गांधी उद्यान में युवतियों की निजता पर हमला, समुदाय विशेष के युवकों ने नाम पूछकर बनाए वीडियो, सोशल मीडिया पर वायरल

ईद के दिन शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल गांधी उद्यान में एक गंभीर मामला सामने आया, जहां समुदाय विशेष की युवतियों के साथ उनके ही समुदाय के युवकों ने बदसलूकी करते हुए उनके वीडियो बनाए और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। आरोप है कि युवतियां जब गैर समुदाय के दोस्तों के साथ घूम रही थीं, तभी कुछ युवक वहां पहुंचे और उनसे नाम-पता पूछते हुए उनकी निजता का हनन किया।

2 min read
Jun 07, 2025
गांधी उद्यान में युवतियों की निजता पर हमला (फोटो सोर्स: पत्रिका)

बरेली। ईद के दिन शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल गांधी उद्यान में एक गंभीर मामला सामने आया, जहां समुदाय विशेष की युवतियों के साथ उनके ही समुदाय के युवकों ने बदसलूकी करते हुए उनके वीडियो बनाए और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। आरोप है कि युवतियां जब गैर समुदाय के दोस्तों के साथ घूम रही थीं, तभी कुछ युवक वहां पहुंचे और उनसे नाम-पता पूछते हुए उनकी निजता का हनन किया।

ईद पर पब्लिक पार्क में पहुंचे थे युवक-युवतियां

शनिवार को ईद के त्योहार पर शहर के गांधी उद्यान में बड़ी संख्या में लोग अपने दोस्तों और परिवार के साथ घूमने पहुंचे थे। दोपहर के समय वहां मौजूद बुर्का पहने कुछ युवतियां अपने दोस्तों के साथ बैठी थीं। उसी समय समुदाय विशेष से जुड़े एक संगठन के युवक वहां पहुंचे और युवतियों से धर्म और पहचान से जुड़ी पूछताछ शुरू कर दी।

वीडियो बनाकर किया वायरल, कमेंट में धमकी

जिन युवतियों के साथ गैर समुदाय के युवक बैठे थे, उनकी विडियोज़ बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गईं। इतना ही नहीं, इंस्टाग्राम पर ‘sofiyan_08’ नामक अकाउंट से तीन वीडियो अपलोड किए गए हैं, जिनमें धमकी भरे कैप्शन भी लिखे गए हैं। एक वीडियो में साफ तौर पर लिखा गया है:

“इस बार तो समझा दिया, अगली बार हिसाब से निपटा जाएगा।”

इस तरह के पोस्टों से साफ है कि यह सोच-समझकर किया गया साइबर बुलीइंग और धमकी का मामला है।

युवती के विरोध पर भी वीडियो बनाकर किया अपमानित

इस पूरी घटना के दौरान जब एक युवती ने इस बदसलूकी और वीडियो बनाए जाने का विरोध किया तो युवकों ने धर्म का हवाला देते हुए उसे और अपमानित किया। आरोपियों ने उस युवती की बहस को भी रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिससे उसकी मानसिक स्थिति पर असर पड़ा है।

संगठन ने उठाई आवाज, पुलिस जांच में जुटी

हिन्दू जागरण मंच युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष हिमांशु पटेल ने इन तीनों वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व ट्विटर) पर साझा करते हुए बरेली पुलिस और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले पर बरेली कोतवाली पुलिस को जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस अब ‘sofiyan_08’ इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच के साथ-साथ वीडियो बनाने वाले युवकों की पहचान में जुटी हुई है।

Also Read
View All

अगली खबर