19 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बकरीद पर बरेली में हाई अलर्ट, छतों से हटेंगे ईंट-पत्थर, प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर होगी एफआईआर

Bareilly बकरीद से पहले बरेली प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। विकास भवन सभागार में हुई पीस कमेटी की बैठक में जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि खुले में कुर्बानी, प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी और सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो वायरल करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

2 min read
Google source verification
Officials review Bakrid security arrangements

Bareilly Bakrid Security Alert Meeting

बरेली। बकरीद से पहले बरेली प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। विकास भवन सभागार में हुई पीस कमेटी की बैठक में जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि खुले में कुर्बानी, प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी और सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो वायरल करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अधिकारियों ने त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील करते हुए कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई का संकेत दिया।

बैठक में शहर और देहात के हालात की समीक्षा की गई। पीस कमेटी के सदस्यों ने सबसे ज्यादा बिजली और पानी की समस्या उठाई। इस पर डीएम ने बिजली विभाग को त्योहार के दौरान निर्बाध आपूर्ति देने के निर्देश दिए। नगर निगम और नगर निकायों को साफ-सफाई की जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा गया कि कुर्बानी के बाद शहर में गंदगी नहीं दिखनी चाहिए। नगर आयुक्त को निर्देश दिए गए कि अतिरिक्त सफाई टीमों का गठन किया जाए ताकि शिकायत मिलते ही मौके पर कर्मचारी पहुंच सकें। ओवरहेड टैंक पहले से भरवाने और खराब हैंडपंप दुरुस्त कराने के भी आदेश दिए गए।

कुर्बानी के अवशेषों को लेकर बनाई गई खास रणनीति

प्रशासन ने इस बार कुर्बानी के अवशेषों के निस्तारण को लेकर भी सख्त तैयारी की है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पहले से गहरे गड्ढे खोदे जाएं और अवशेषों को नमक व ब्लीचिंग पाउडर डालकर दबाया जाए। साफ कहा गया कि अवशेष खुले में नहीं फेंके जाएंगे और उन्हें ढककर ही ले जाया जाएगा, ताकि पशु-पक्षी उन्हें इधर-उधर न फैला सकें। इसके साथ ही सुअर बाड़ों को पहले से बंद कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी तरह का विवाद खड़ा न हो। बैठक में सबसे ज्यादा जोर सोशल मीडिया पर रहा। डीएम और एसएसपी दोनों ने साफ कहा कि कुर्बानी की वीडियो बनाकर वायरल करने की कोशिश माहौल खराब कर सकती है। अभिभावकों से अपील की गई कि बच्चों को ऐसे वीडियो बनाने से रोकें। पुलिस ने साफ संकेत दिए कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर सीधी कार्रवाई होगी।

बिना अनुमति जुलूस नहीं, छतों से हटेंगे ईंट-पत्थर

एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि केवल पारंपरिक आयोजनों की ही अनुमति होगी। बिना अनुमति कोई जुलूस या नया कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि बारिश को देखते हुए ईदगाहों और नमाज स्थलों पर जलभराव न हो, इसके लिए पहले से तैयारी कर ली जाए। पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में छतों पर पड़े ईंट-पत्थरों को हटाने के निर्देश भी दिए हैं। जल्द ही इसकी जांच कराई जाएगी। त्योहार के बाद गांधी उद्यान समेत सार्वजनिक स्थानों पर अभद्रता करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। प्रशासन ने तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम बनाने के निर्देश दिए हैं। किसी भी विवाद या समस्या की स्थिति में लोग डायल 112 या पुलिस कंट्रोल रूम 0581-2990450 पर सूचना दे सकेंगे। बैठक में शहर के तमाम प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी, पीस कमेटी सदस्य और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बड़ी खबरें

View All

बरेली

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग