बरेली। कबूतर चोरी करने के शक में एक युवक को उसके पड़ोसी ने घर में घुसकर बेरहमी से पीट दिया। बीच बचाव करा रहे उसके बेटे और बेटी के साथ भी मारपीट की। घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
किला के बाकरगंज का मामला
पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों ने बताया कि किला थाना क्षेत्र के मोहल्ला बाकरगंज निवासी मुजम्मिल (45) को कबूतर पालने का शौक था। पड़ोसी भी कबूतर पालता है। कुछ दिन पहले पड़ोसी ने मुजम्मिल पर उसका कबूतर पकड़कर छुपा लेने का आरोप लगाते हुए झगड़ा किया। विरोध करने पर आरोपी ने गाली गलौज की और धमकी दी। इसी रंजिश में आरोपी जबरन मुजम्मिल के घर में घुस आए और लाठी डंडों से हमला कर दिया। मुजम्मिल गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच बचाव करने में उसके बेटे मुजीब और बेटी यासमीन को चोटे आई।
घायल का जिला अस्पताल में कराया इलाज
चीख पुकार सुनकर आरोपी मौके से भाग गए। घटना के बाद परिजनों ने मुजम्मिल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां हालत में सुधार होने पर वह छुट्टी कराकर घर ले आए। शनिवार देर रात उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। इस मामले की शिकायत परिजनों ने पुलिस से की गई। पंचनामा भरकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।