18 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ब्रेथ एनालाइजर लेकर सड़कों पर उतरी बरेली पुलिस, नशे में ड्राइविंग करने वालों की निकली हेकड़ी, 584 चालान, 47 लाख जुर्माना वसूला

Bareilly शहर की सड़कों पर शराब पीकर वाहन दौड़ाने वालों, प्रेशर हॉर्न बजाने वालों और मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर हुड़दंग मचाने वालों पर बरेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

2 min read
Google source verification
Bareilly police conducting traffic checks

Police checking drivers with analyzer

बरेली। शहर की सड़कों पर शराब पीकर वाहन दौड़ाने वालों, प्रेशर हॉर्न बजाने वालों और मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर हुड़दंग मचाने वालों पर बरेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दो दिनों तक चले विशेष यातायात अभियान में पुलिस ने हजारों वाहनों की चेकिंग कर 584 चालान काटे और 47 लाख 74 हजार रुपये से ज्यादा का शमन शुल्क वसूला। कार्रवाई के दौरान कई वाहन चालकों की सांसें उस वक्त अटक गईं जब पुलिस ने सीधे ब्रेथ एनालाइजर मशीन मुंह के सामने लगा दी।

नशे में गाड़ी चलाने वालों पर सबसे बड़ा वार

यातायात निदेशालय के निर्देश पर 16 और 17 मई की रात बरेली पुलिस ने जिले के प्रमुख टोल प्लाजाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। फतेहगंज पश्चिमी, बहेड़ी, भोजीपुरा, नवाबगंज और फरीदपुर टोल प्लाजा पर रात 8 बजे से 11 बजे तक पुलिस, यातायात विभाग और परिवहन विभाग की संयुक्त टीमें तैनात रहीं। इस दौरान कुल 7794 वाहनों की जांच की गई। सबसे ज्यादा कार्रवाई शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर हुई। पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइविंग के 188 मामलों में चालान किए। वहीं अभियान में उन बाइक और वाहनों को भी निशाने पर लिया गया जो तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस ने 15 मॉडिफाइड साइलेंसर, 196 प्रेशर हॉर्न, दो हूटर और 183 फॉल्टी नंबर प्लेट या बिना HSRP वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। कई वाहन चालकों को मौके पर ही नियमों का पाठ पढ़ाया गया।

टोल प्लाजा पर मीट एंड ग्रीट, परिवारों से भी पूछे हाल

सिर्फ चालान ही नहीं, पुलिस ने अभियान के दौरान टोल प्लाजा पर परिवार के साथ सफर कर रहे यात्रियों से बातचीत भी की। मीट एंड ग्रीट अभियान के तहत पुलिसकर्मियों ने यात्रियों से हालचाल पूछा और रास्ते में आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाना भी अभियान का हिस्सा था। पूरे अभियान की निगरानी एसएसपी अनुराग आर्य और एसपी ट्रैफिक मो अकमल खान के निर्देशन में की गई। मौके पर एआरटीओ, पीटीओ, थाना पुलिस, इंटरसेप्टर वाहन, सीसी टीम और यातायात पुलिस के जवान तैनात रहे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे में वाहन न चलाएं और प्रेशर हॉर्न, हूटर व अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल न करें।