9 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दुबई में बरेली के जीशान की दर्दनाक मौत, 2 महीने बाद मदीने में होना था निकाह, मातम में बदलीं खुशियां

शहर के कोतवाली इलाके से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। दुबई में हुए एक भीषण कार हादसे में बरेली के जीशान अजहरी की मौत हो गई। हादसे की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया।

2 min read
Google source verification

जीशान अजहरी

बरेली। शहर के कोतवाली इलाके से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। दुबई में हुए एक भीषण कार हादसे में बरेली के जीशान अजहरी की मौत हो गई। हादसे की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में दो महीने बाद निकाह की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा है।

परिजनों के मुताबिक, जीशान दुबई में रैंक बैंक में नौकरी करते थे। 26 मार्च को वह बैंक के काम से जा रहे थे। उसी दौरान क्षेत्र में ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच तनाव और हमलों का असर था। लगातार बमबारी के कारण कई जगह सड़कें धंस गई थीं। इसी दौरान उनकी कार अचानक गड्ढे में गिर गई, जिससे गंभीर हादसा हो गया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

डेढ़ महीने पहले हुई थी सगाई, मदीने में तय था निकाह

जीशान अजहरी की करीब डेढ़ महीने पहले ही सगाई हुई थी। परिवार ने दो महीने बाद सऊदी अरब के मदीना शरीफ में निकाह की तैयारी कर रखी थी। लेकिन हादसे ने सारी खुशियों को एक झटके में खत्म कर दिया। लड़की पक्ष में भी इस खबर से गहरा सदमा है। मृतक जीशान, कोतवाली क्षेत्र के बिहारीपुर पुलिस चौकी के पीछे रहने वाले जान मोहम्मद उर्फ लल्ला (लल्ला बिस्कुट वाले) के बेटे थे। अब पूरा परिवार बारादरी के पशुपति बिहार कॉलोनी में रह रहा है। जीशान तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई शानू और फरहान हैं। परिवार में मां हाजरा का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रमोशन की खुशखबरी से पहले आई मौत की खबर

परिजनों ने बताया कि जीशान का जल्द ही बैंक में एचआर पद पर प्रमोशन होने वाला था। परिवार को उनके करियर को लेकर बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन अचानक आई इस दुखद खबर ने सब कुछ छीन लिया। जीशान की मौत की खबर जैसे ही बिहारीपुर इलाके में फैली, शोक की लहर दौड़ गई। आसपास के लोग और रिश्तेदार परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।