
बदायूं। गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के साथ ही बदायूं के लिए विकास के नए दरवाजे खुल गए हैं। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरदोई से इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शुभारंभ किया। इसके साथ ही जिले को प्रदेश के बड़े शहरों से सीधा और तेज कनेक्शन मिल गया है।
अब तक लंबा और थकाऊ रहने वाला बदायूं से लखनऊ का सफर अब महज ढाई घंटे में पूरा हो सकेगा। एक्सप्रेसवे पर 125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन दौड़ेंगे, जिससे समय की भारी बचत होगी और यात्रा पहले से कहीं ज्यादा आसान और आरामदायक बनेगी।
करीब 594 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे का लगभग 92 किलोमीटर हिस्सा बदायूं जनपद से होकर गुजरता है। यह मार्ग संभल की ओर से जिले में प्रवेश कर दातागंज तक जाता है, जिससे जिले के कई क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। इस परियोजना के लिए बदायूं में करीब 1200 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की गई है, जिससे 85 गांव और 195 मजरे सीधे जुड़े हैं। रामगंगा नदी पर बना 720 मीटर लंबा पुल और 4 फ्लाईओवर व 3 इंटरचेंज जिले की कनेक्टिविटी को नई मजबूती दे रहे हैं।
घटपुरी और डहरपुर कलां के पास विकसित हो रहे औद्योगिक गलियारे जिले में निवेश को बढ़ावा देंगे। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी। गंगा एक्सप्रेसवे ने बदायूं को अब प्रदेश के विकास मानचित्र पर मजबूती से स्थापित कर दिया है। जहां पहले दूरी बाधा थी, अब वही दूरी तरक्की का रास्ता बन गई है। ढाई घंटे में लखनऊ पहुंचने की सुविधा के साथ बदायूं अब रफ्तार के साथ आगे बढ़ने को तैयार है।
Published on:
29 Apr 2026 04:16 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
