
बरेली। कैंट थाना क्षेत्र में नशे में धुत एक युवक ने पुलिस टीम पर ही कार चढ़ाकर जान लेने की कोशिश कर डाली। इस हमले में एक दारोगा और एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
घटना सोमवार शाम करीब सात बजे की है। रिसाला चौकी इंचार्ज राजीव पटेल अपने हमराह कांस्टेबल संदीप कुमार के साथ संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। पहलवान बाबा मंदिर से गश्त करते हुए जब टीम बिशप स्कूल के पास पहुंची, तो वहां भीड़ लगी मिली। पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि नीली बलेनो कार का चालक नशे में अभद्रता कर रहा है।
पुलिस टीम जैसे ही कार चालक के पास पहुंची, उसने गाड़ी स्टार्ट कर दी और धमकी देते हुए तेज रफ्तार में भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया और वीआई बाजार क्षेत्र में पोखरा मोमोज के पास उसे रोक लिया। इसी दौरान पीआरवी टीम भी मौके पर पहुंच गई। आरोप है कि घिरता देख चालक ने अचानक कार से पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दारोगा और सिपाही दोनों घायल हो गए और उनकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई। आरोपी मिलिट्री अस्पताल की ओर भाग निकला।
जांच में सामने आया कि कार सदर बाजार निवासी शमीमुद्दीन खान के नाम पर पंजीकृत है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कार चला रहा युवक उसका बेटा सलमान है, जो एक डॉक्टर की दुकान पर काम करता है। उसके पिता दारोगा पद से सेवानिवृत्त बताए जा रहे हैं। कैंट थाना इंस्पेक्टर संजय धीर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। साथ ही आरोपी के ड्राइविंग लाइसेंस को निरस्त कराने के लिए परिवहन विभाग को रिपोर्ट भेज दी गई है।
Published on:
28 Apr 2026 09:33 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
