
बदायूं। उत्तर प्रदेश के विकास की रफ्तार को पंख लगने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को हरदोई से प्रदेश के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे। मेरठ से प्रयागराज तक 594 किलोमीटर लंबा यह मेगा प्रोजेक्ट न सिर्फ दूरी घटाएगा, बल्कि बदायूं समेत पूरे पश्चिम से पूर्वांचल तक विकास की नई धारा बहाएगा। बदायूं के घटपुरी इंटरचेंज पर कार्यक्रम का सजीव प्रसारण होगा, जहां बड़ी संख्या में लोग इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने पत्रकार वार्ता में बताया कि यह एक्सप्रेसवे प्रदेश की बुनियादी संरचना को मजबूत करते हुए तेज, सुरक्षित और आधुनिक कनेक्टिविटी देगा। पीएम मोदी ने 18 दिसंबर 2021 को शाहजहांपुर से इसकी आधारशिला रखी थी और करीब पांच वर्षों में यह ड्रीम प्रोजेक्ट तैयार हो गया। उन्होंने कहा कि यह एक्सप्रेसवे पश्चिमी यूपी को पूर्वांचल से जोड़ते हुए व्यापार, निवेश, उद्योग और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में बड़ा बदलाव लाएगा। साथ ही कृषि क्षेत्र को भी नई दिशा मिलेगी।
गंगा एक्सप्रेसवे के जरिए गढ़मुक्तेश्वर, कल्कि धाम, बेला देवी धाम, चंद्रिका देवी शक्तिपीठ, भगवान परशुराम जन्मस्थली (शाहजहांपुर) और प्रयागराज के त्रिवेणी संगम तक पहुंच बेहद आसान हो जाएगी। यह एक्सप्रेसवे केवल सड़क नहीं, बल्कि धार्मिक पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों का नया कॉरिडोर बनकर उभरेगा।
गंगा एक्सप्रेसवे बदायूं जनपद में करीब 91.67 किलोमीटर लंबा है, जो बिल्सी, बदायूं, बिसौली और दातागंज तहसीलों से होकर गुजरता है। इससे जिले के करीब 85 गांव और 195 मजरे सीधे जुड़ेंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की रफ्तार तेज होगी। जनपद में तीन बड़े घटपुरी, बनकोटा (बिसौली), डहरपुर (दातागंज) इंटरचेंज तैयार किए गए हैं, जो आवागमन और व्यापार को नई दिशा देंगे। बिसौली क्षेत्र का बनकोटा इंटरचेंज इस परियोजना का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। यहां विकसित होने वाली सुविधाएं स्थानीय व्यापार, रोजगार और सेवाओं को बड़ा बढ़ावा देंगी। एक्सप्रेसवे से बदायूं की दिल्ली, मेरठ और प्रयागराज से दूरी और समय में भारी कमी आएगी।
इस मेगा प्रोजेक्ट से युवाओं को रोजगार, किसानों को बेहतर बाजार और व्यापारियों को तेज लॉजिस्टिक्स की सुविधा मिलेगी। गंगा एक्सप्रेसवे बदायूं को निवेश और उद्योग का नया केंद्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। कुल मिलाकर, यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की रफ्तार को नई ऊंचाई देने जा रहा है और बदायूं को विकास के नक्शे पर मजबूत पहचान दिलाएगा।
Updated on:
28 Apr 2026 05:28 pm
Published on:
28 Apr 2026 05:26 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
