10 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गैस संकट के बीच कालाबाजारी का खेल… बरेली की इस दुकान पर छापा, 15 घरेलू सिलिंडर बरामद, मुकदमा दर्ज

मीरगंज तहसील क्षेत्र के गांव नौसना में घरेलू गैस सिलिंडरों की अवैध बिक्री का मामला सामने आने पर प्रशासन ने कार्रवाई की। उपजिलाधिकारी के निर्देश पर आपूर्ति विभाग की टीम ने पुलिस के साथ मंगलवार को छापा मारकर एक दुकान से 15 घरेलू गैस सिलिंडर बरामद किए।

2 min read
Google source verification

बरेली। एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति को लेकर जिले में बने संकट के बीच कालाबाजारी का खेल भी शुरू हो गया है। मीरगंज तहसील क्षेत्र के गांव नौसना में घरेलू गैस सिलिंडरों की अवैध बिक्री का मामला सामने आने पर प्रशासन ने कार्रवाई की। उपजिलाधिकारी के निर्देश पर आपूर्ति विभाग की टीम ने पुलिस के साथ मंगलवार को छापा मारकर एक दुकान से 15 घरेलू गैस सिलिंडर बरामद किए। आरोपी दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

दुकान से मिले 14 भरे और एक खाली सिलिंडर

जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिलने के बाद आपूर्ति निरीक्षक की टीम आपूर्ति लिपिक और थाना मीरगंज पुलिस के साथ गांव नौसना पहुंची। टीम ने नाजिर नामक दुकानदार की दुकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां 15 घरेलू गैस सिलिंडर बरामद हुए। इनमें 14 सिलिंडर भरे हुए थे जबकि एक खाली था। जांच के दौरान आरोपी दुकानदार सिलिंडरों से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं दिखा सका। इसके बाद टीम ने सभी सिलिंडरों को जब्त कर लिया और उन्हें जय माता दी गैस एजेंसी, मीरगंज को सुपुर्द कर दिया। आपूर्ति निरीक्षक ने आरोपी नाजिर के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति पर रोक से बढ़ी दिक्कत

उधर जिले में पेट्रोलियम कंपनियों के आदेश के बाद होटल-रेस्टोरेंट समेत अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की नियमित आपूर्ति पर रोक लगा दी गई है। कंपनियों ने जिले की गैस एजेंसियों और जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश जारी किए हैं कि विशेष परिस्थितियों में ही एजेंसी की ओर से डिमांड भेजे जाने पर व्यावसायिक सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएं। हालांकि पुलिस, सेना, अस्पताल और रेलवे जैसी आवश्यक सेवाओं को गैस सिलिंडरों की आपूर्ति पहले की तरह जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सात मार्च को बढ़ी थीं गैस की कीमतें

पेट्रोलियम कंपनियों ने सात मार्च को घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत में 60 रुपये और व्यावसायिक सिलिंडर की कीमत में 115 रुपये की बढ़ोतरी की थी। इसके साथ ही बुकिंग के नियमों में भी बदलाव करते हुए 25 दिन का अंतराल अनिवार्य कर दिया गया है। नए नियम के तहत एक बार घरेलू गैस सिलिंडर की बुकिंग कराने के बाद दूसरी रिफिल के लिए कम से कम 25 दिन का इंतजार करना होगा। उत्तर प्रदेश एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेश सचिव आदर्श शर्मा ने बताया कि पेट्रोलियम कंपनियों ने यह आदेश हाल ही में जारी किया है, जिससे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और आम उपभोक्ताओं दोनों पर असर पड़ने की संभावना है।