
बरेली। सऊदी अरब में उमरा के लिए गए बरेली मसलक के कई उलेमा और जायरीन को इफ्तार पार्टी के दौरान भीड़ इकट्ठा होने और नारेबाजी की सूचना पर सऊदी पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। इस घटना की जानकारी सामने आते ही सोशल मीडिया पर खबर तेजी से वायरल हो गई, जिससे बरेली समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में चर्चा का माहौल बन गया है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को बरेली मसलक से जुड़े कुछ उलेमा और उनके साथ गए जायरीन उमरा के लिए सऊदी अरब पहुंचे थे। वहां उन्होंने इफ्तार के मौके पर एक कार्यक्रम आयोजित किया था। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों द्वारा नारेबाजी किए जाने और अचानक भीड़ बढ़ने की सूचना स्थानीय पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही सऊदी पुलिस मौके पर पहुंच गई और कार्यक्रम में मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार हिरासत में लिए गए लोगों में बरेली मसलक के एक बड़े आलिम भी शामिल बताए जा रहे हैं। उनके साथ बरेली, रामपुर, मुरादाबाद के अलावा मुंबई और महाराष्ट्र समेत देश के अन्य हिस्सों से भी कई लोग उमरा के लिए सऊदी अरब पहुंचे हुए थे। पुलिस ने सभी को एहतियातन हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान-इजरायल के बीच चल रहे युद्ध के कारण सऊदी अरब में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। इसी वजह से भीड़ इकट्ठा होने, नारेबाजी या किसी भी तरह की सार्वजनिक गतिविधि पर प्रशासन विशेष नजर रख रहा है। फिलहाल सऊदी पुलिस सभी लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी तरह की औपचारिक कार्रवाई या आरोप की पुष्टि नहीं हुई है। पूछताछ पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
Published on:
10 Mar 2026 07:40 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
