1 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रेलवे में नौकरी का झांसा देकर 11 लाख की ठगी, दिल्ली में कराया मेडिकल, फिर फर्जी नियुक्ति पत्र देकर फरार हुए ठग

रेलवे में नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर एक युवक से 11 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के युवक ने आरोप लगाया कि उसे फर्जी नियुक्ति पत्र देकर ट्रेनिंग के नाम पर भी ठगा गया। शिकायत मिलने पर एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने करीब तीन साल बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2 min read
Google source verification
नर्सिंग काउंसिल घोटाला (photo source- Patrika)

नर्सिंग काउंसिल घोटाला (photo source- Patrika)

बरेली। रेलवे में नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर एक युवक से 11 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के युवक ने आरोप लगाया कि उसे फर्जी नियुक्ति पत्र देकर ट्रेनिंग के नाम पर भी ठगा गया। शिकायत मिलने पर एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने करीब तीन साल बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव औंध निवासी सचिन सिंह ने एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि करीब तीन वर्ष पहले वह अपने भाई से मिलने शाहजहांपुर गया था। वहां किराये के कमरे पर उसकी मुलाकात गुजरात निवासी शिवशंकर मिश्र और उसकी पत्नी रेखा से हुई। आरोप है कि दोनों ने रेलवे में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया और इसके बदले कई किस्तों में 11 लाख रुपये किसी अन्य व्यक्ति के खाते में जमा करा लिए। पीड़ित का कहना है कि आरोपी उसे दिल्ली लेकर गए, जहां मेडिकल परीक्षण की औपचारिकता पूरी कराई गई। इसके बाद उसे रेलवे का फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिया गया, जिससे उसे भरोसा हो गया कि उसकी नौकरी लग गई है।

ट्रेनिंग के नाम पर भेज दिया झारखंड

आरोपियों ने बाद में ट्रेनिंग का पत्र जारी कर पीड़ित से 10 हजार रुपये और ले लिए और उसे झारखंड भेज दिया। वहां आरोपी शिवशंकर भी पहुंचा और तीन लोगों से मिलवाकर कहा कि यही लोग ट्रेनिंग करवाएंगे। बताया जाता है कि वे लोग युवक को रेलवे स्टेशन के आसपास घुमाते रहे और रात में मौका पाकर फरार हो गए। इसके बाद आरोपी शिवशंकर ने भी अपना मोबाइल नंबर बंद कर लिया।

रेलवे अधिकारियों से मिली सच्चाई

धोखाधड़ी का शक होने पर सचिन सिंह ने रेलवे अधिकारियों से संपर्क किया, तब उसे पता चला कि नियुक्ति पत्र और ट्रेनिंग से जुड़े सभी दस्तावेज फर्जी हैं। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी शिवशंकर मिश्र और उसकी पत्नी रेखा के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।