
बरेली। गौकशी की वारदातों पर लगाम कसने के लिए बरेली पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में बारादरी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। मंगलवार सुबह तड़के हारुनगला-भरतौल रोड स्थित एफसीआई गोदाम के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखते ही सकपका गया और रास्ता बदलकर तेजी से निकलने लगा। उसकी हरकतों ने पुलिस का शक और गहरा कर दिया।
पुलिस टीम ने जब उसे रोकने की कोशिश की तो वह नहीं रुका और तेज कदमों से भागने लगा। पीछा तेज हुआ तो बदमाश बौखला गया और उसने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर दो राउंड फायर कर दिए। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई, लेकिन पुलिस टीम ने मोर्चा संभाले रखा।
पुलिस ने आत्मरक्षा में तुरंत जवाबी कार्रवाई की। सटीक निशाना लगते ही बदमाश के पैर में गोली जा लगी और वह गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। मुठभेड़ के बाद इलाके में देर तक हलचल बनी रही।
पूछताछ में आरोपी की पहचान वसीम अहमद निवासी सेमलखेड़ा, थाना बारादरी के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक वह शातिर गौकश है और लंबे समय से वारदातों को अंजाम दे रहा था। उसके खिलाफ गौकशी, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत बरेली व शाहजहांपुर में कुल 14 गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
मुठभेड़ में घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और साथियों की तलाश में जुट गई है। इस कार्रवाई के बाद साफ संकेत है कि गौकशी जैसे अपराधों में लिप्त बदमाशों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।
Updated on:
05 May 2026 12:20 pm
Published on:
05 May 2026 12:19 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
