
बरेली। बारादरी क्षेत्र की एक महिला ने अपने हिस्ट्रीशीटर ससुर और उसके साथियों पर दुष्कर्म, मानसिक-शारीरिक उत्पीड़न और धमकी देकर समझौता कराने जैसे संगीन आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने एसएसपी अनुराग आर्य को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, झूठे मुकदमों की वापसी और जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।
पीड़िता का कहना है कि उसका ससुर थाना बारादरी का ए-1007 हिस्ट्रीशीटर है, जिसने अपनी आपराधिक पृष्ठभूमि छिपाकर परिवार को गुमराह किया और विवाह कराया। शादी के बाद से ही उस पर लगातार दबाव, धमकी और शोषण का सिलसिला शुरू हो गया।
महिला का आरोप है कि जब उसने उत्पीड़न का विरोध किया तो ससुराल पक्ष ने परिवार को डराकर जबरन दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए और उसके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज करा दिए। इससे वह मानसिक रूप से टूट गई और लगातार भय के माहौल में जीने को मजबूर है। पीड़िता के मुताबिक, उसने दुष्कर्म के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन साजिश के तहत उसके भाई का अपहरण कर धमकाया गया। दबाव बनाकर जबरन समझौता कराया गया और मामला खत्म करा दिया गया। इसके बाद कोतवाली और बारादरी थाने में एक के बाद एक झूठी एफआईआर दर्ज कराकर पूरे परिवार को परेशान किया जा रहा है।
महिला ने आरोप लगाया कि ससुर पर अवैध हथियार रखने, फर्जी लाइसेंस, जमीन हड़पने और संगठित अपराधियों से संबंध जैसे गंभीर आरोप भी हैं। उसका कहना है कि उसे ससुराल में घुसने और पति से मिलने तक से रोका जा रहा है, जिससे उसकी जान को खतरा बना हुआ है। पीड़िता ने एसएसपी से मांग की है कि मामले की जांच किसी दूसरे थाने या स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए, दबाव में कराए गए हस्ताक्षरों की जांच हो, झूठे मुकदमे खत्म कराए जाएं और उसे व उसके परिजनों को सुरक्षा दी जाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित विषय:
Published on:
02 Feb 2026 03:13 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
