
मृतक अखिलेश गंगवार को फाइल (फोटो सोर्स पत्रिका)
बरेली। फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के टियूलिया में 31 मई की शाम हुई गोलीकांड की घटना ने पूरे गांव को दहशत में डाल दिया। एक किशोर को गांव के ही करन उर्फ छोटा व एक अज्ञात युवक ने गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अखिलेश ने मंगलवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने नामजद आरोपी सहित एक अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
फतेहगंज पश्चिमी अंतर्गत ग्राम टियूलिया निवासी सुरेंद्र पाल पुत्र जोगराज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 31 मई की शाम करन उर्फ छोटा पुत्र प्रेमशंकर उनके 17 वर्षीय बेटे अखिलेश गंगवार को घर से बुलाकर ले गया था। कुछ देर बाद जब उन्होंने अपने बेटे की खोजबीन शुरू की तो डालचंद बाल्मीकि के घर के पास करन और एक अज्ञात युवक को अखिलेश के साथ बहस करते देखा।
सुरेंद्र के अनुसार, जैसे ही उन्होंने अपने बेटे को आवाज दी, तभी करन ने तमंचे से अखिलेश के सीने में गोली मार दी और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण, जिनमें सुरेंद्र के तहेरे भाई मुनील गंगवार और पड़ोसी लक्ष्मण शामिल थे, मौके पर पहुंचे। परिजन घायल अवस्था में अखिलेश को तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां से चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया।
अखिलेश को भोजीपुरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। एसएचओ फतेहगंज पश्चिमी ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर करन उर्फ छोटा एवं एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
संबंधित विषय:
Updated on:
03 Jun 2025 03:47 pm
Published on:
03 Jun 2025 03:41 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
