
मृतक राजेश कुमार
शाहजहांपुर। ड्यूटी के बीच अचानक आई मौत ने पुलिस महकमे को झकझोर दिया। पुवायां थाने में इंस्पेक्टर क्राइम और कार्यवाहक थाना प्रभारी के रूप में तैनात 49 वर्षीय राजेश कुमार शनिवार सुबह अपने सरकारी आवास के बाथरूम में मृत पाए गए। शुरुआती जांच में डॉक्टरों ने हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
शनिवार सुबह रोज की तरह राजेश कुमार अपने आवास के बाथरूम में नहाने गए थे। इसी दौरान काफी देर तक उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। स्टाफ ने कई बार कॉल की, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो पुलिसकर्मी आवास पर पहुंचे। दरवाजा खुलवाकर अंदर पहुंचे तो बाथरूम में उनका शरीर पड़ा देख सभी के होश उड़ गए। तत्काल उन्हें सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मूल रूप से उन्नाव जिले के थाना बारा सगवर क्षेत्र के गांव हिश्यामपुर निवासी राजेश कुमार वर्ष 1997 में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। लगातार पदोन्नति पाते हुए वे इंस्पेक्टर बने और 29 अगस्त 2025 से पुवायां थाने में तैनात थे। थाना प्रभारी रवि करन सिंह के अवकाश पर जाने के कारण राजेश कुमार के पास ही थाने का प्रभार था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। सीएचसी में पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की भीड़ जुट गई। परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे शाहजहांपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। एसपी ग्रामीण भांवरे दीक्षा अरुण ने बताया कि इंस्पेक्टर राजेश कुमार को सीएचसी भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के अनुसार, प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से मौत प्रतीत हो रही है। आगे की जांच की जा रही है।
संबंधित विषय:
Published on:
11 Apr 2026 02:09 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
