17 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

किराए के कमरे में फंदे पर लटका मिला बी-फार्मा छात्र का शव, परिजनों ने कहा- ये आत्महत्या नहीं, हत्या

फरीदपुर थाना क्षेत्र में एक बी-फार्मा छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। किराए के कमरे में छात्र का शव फंदे से लटका मिलने पर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

2 min read
Google source verification

बरेली। फरीदपुर थाना क्षेत्र में एक बी-फार्मा छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। किराए के कमरे में छात्र का शव फंदे से लटका मिलने पर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मृतक की पहचान बदायूं जिले के दातागंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला हरेला निवासी 21 वर्षीय रामकिशोर के रूप में हुई है। वह बरेली के फरीदपुर इलाके में किराए के मकान में रहकर बी-फार्मा तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। गुरुवार शाम पड़ोसियों ने कमरे में उसका शव रस्सी के सहारे लटका देखा और तुरंत पुलिस व परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के पिता बाबूराम ने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए साफ कहा कि यह आत्महत्या नहीं हो सकती। उनका कहना है कि रामकिशोर का किसी से कोई विवाद नहीं था और न ही वह किसी मानसिक तनाव में था। ऐसे में उसकी मौत को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। परिवार के मुताबिक रामकिशोर 5 अप्रैल को घर से पढ़ाई के लिए निकला था और पूरी तरह सामान्य था। किसी भी तरह की परेशानी या विवाद की बात सामने नहीं आई थी, जिससे परिजन घटना को और अधिक संदिग्ध मान रहे हैं।

परिवार में मचा कोहराम, मां का रो-रोकर बुरा हाल

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मां शिवकांता का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इकलौते बेटे की मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।