बरेली। शीशगढ़ में प्रेमी युगल की पंचायत में बात नहीं बनी तो दबंगों ने दिनदहाड़े प्रेमी पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। हमलावर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रेमी के खिलाफ कोर्ट से लिखवाया था मुकदमा
बहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव जोखनपुर निवासी महिला ने बताया वह शीशगढ़ के गांव कनकटा की गोटिया निवासी सुरेंद्र गंगवार से शादी के पहले से प्रेम करती थी। अब दोनों की शादी भी हो चुकी है। वह रुद्रपुर में रहकर नौकरी करती है। बीते दिनों प्रेमी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। उसने प्रेमी के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर एससी एक्ट व दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज करा दी। मुकदमे के फैसले को लेकर शनिवार को गांव मानपुर में बनइया मोड़ पर गांव नियामतपुर निवासी सुरेश गंगवार की ज्वेलर्स की दुकान पर दोनों पक्ष पहुंचे थे।
हमलावरों ने अपनी दुकान पर आकर की फायरिंग
जब बात नहीं बनी तो वह ई रिक्शा में बैठकर रुद्रपुर के लिए जाने लगी, जबकि उसका प्रेमी सुरेंद्र भी बाइक से बहेड़ी की तरफ जाने लगा। मानपुर में राधा स्वामी सत्संग भवन के सामने सुरेश गंगवार, उनके दो बेटे व दो साले पीछे से पहुंच गए और उनके प्रेमी सुरेंद्र को घेरकर कांता से हमला कर घायल कर दिया। सुरेंद्र का सिर फट गया। आरोपियों ने अपनी दुकान पर आकर हवाई फायरिंग की फिर सभी आरोपी फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।