
बरेली। रिजर्व पुलिस लाइन्स में मंगलवार को ऐसा नज़ारा दिखा, जिसने पूरे पुलिस महकमे की कार्यशैली और छवि बदलने का संकेत दे दिया। एसएसपी अनुराग आर्य ने एक साथ कई नई इकाइयों का लोकार्पण कर साफ कर दिया कि अब बरेली पुलिस आधुनिक संसाधनों और तेज रफ्तार सिस्टम के साथ आगे बढ़ रही है। ट्रैफिक ऑफिस, वीआईपी सेल और टीएसआई कार्यालय के नए भवनों ने पुलिस लाइन्स को नई पहचान दे दी।
कार्यक्रम की शुरुआत शिलान्यास पट्टिका के अनावरण से हुई, लेकिन असली उत्साह तब देखने को मिला जब एक-एक कर सभी नई इकाइयों का उद्घाटन किया गया। एसएसपी अनुराग आर्य ने ट्रैफिक ऑफिस का फीता काटा, जबकि अंजना दहिया, सोनाली मिश्र और शिवम आशुतोष जैसे अधिकारियों ने अन्य इकाइयों का लोकार्पण किया। पूरे परिसर में उत्साह और बदलाव की झलक साफ नजर आई।
पुलिसकर्मियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ‘प्रहरी उद्यान’ भी तैयार किया गया है। यह उद्यान न सिर्फ हरियाली से भरपूर है, बल्कि पुलिसकर्मियों को मानसिक और शारीरिक तनाव से राहत देने का काम करेगा। उद्यान में स्थापित प्रतिमा का लोकार्पण भी किया गया, जिसने कार्यक्रम को खास बना दिया। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि यह परिवर्तन एक दिन में नहीं आया, बल्कि पिछले डेढ़ साल से लगातार चल रहे आधुनिकीकरण और सौंदर्यीकरण अभियान का परिणाम है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस लाइन्स को पूरी तरह नए स्वरूप में ढाला जा रहा है। परेड ग्राउंड, मीटिंग हॉल और कार्यालय सभी को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है।
इस पूरे अभियान में एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी साउथ अंशिका वर्मा और एएसपी शिवम आशुतोष समेत कई अधिकारियों की अहम भूमिका रही। सभी ने मिलकर पुलिस लाइन्स को एक आधुनिक और सुव्यवस्थित परिसर में बदल दिया है, जो अब किसी संस्थागत मॉडल से कम नहीं दिखता। नई सुविधाओं और हाईटेक दफ्तरों के शुरू होने से पुलिसिंग और अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी होगी। एसएसपी ने संकेत दिए कि यह बदलाव सिर्फ शुरुआत है आने वाले समय में और भी बड़े सुधार देखने को मिलेंगे, जिससे सीधे तौर पर आम जनता को बेहतर सेवाएं मिलेंगी।
Updated on:
17 Mar 2026 09:45 pm
Published on:
17 Mar 2026 09:44 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
