
जुआ खेलते पकड़े गए आरोपी
बरेली। शहर के बीचोंबीच मोती पार्क में देर रात जुए की महफिल सजाकर बैठे कारोबारी और व्यापारी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। हार-जीत की बाजी पर हजारों रुपये उड़ाए जा रहे थे। कोई “पान का गुलाम” मांग रहा था तो कोई “इक्का” आने पर जीत का ऐलान कर रहा था। तभी अचानक पुलिस ने घेराबंदी कर दी और पूरी महफिल मौके पर ही धर ली। पुलिस ने छह जुआरियों को गिरफ्तार कर करीब 29 हजार रुपये नगद, 52 ताश के पत्ते और जुए की फड़ बरामद की है।
कोतवाली पुलिस बुधवार रात गश्त और संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मोती पार्क में कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर खुलेआम जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पार्क के पास छिपकर निगरानी शुरू कर दी। पुलिस ने देखा कि कपड़े की फड़ बिछाकर ताश के पत्तों पर हजारों रुपये लगाए जा रहे थे। इसी बीच एक जुआरी के “मेरे गुलाम का इक्का आ गया, मैं जीत गया” बोलते ही पुलिस ने दबिश दे दी। अचानक हुई कार्रवाई से जुआरियों में भगदड़ मच गई, लेकिन पुलिस ने छह लोगों को मौके पर ही दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों में बड़ी बमनपुरी निवासी हर्षित रस्तौगी, गढ़िया निवासी श्रवण कुमार, सीताराम कूचा बड़ा बाजार निवासी अंकित मेहरा, दर्जी चौक बड़ा बाजार निवासी अनुराग कपूर, बड़ी बमनपुरी निवासी अनिकेत देवल और नितीश सिंघल शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि इनमें कई लोग कारोबारी पृष्ठभूमि से जुड़े हैं और देर रात पार्क में जुए की फड़ जमाकर मोटी रकम दांव पर लगा रहे थे।
इंस्पेक्टर कोतवाली धनंजय पांडे ने बताया कि पुलिस ने जुए की फड़ से 22,800 रुपये नगद बरामद किए। वहीं आरोपियों की तलाशी में अलग-अलग रकम भी मिली। कुल मिलाकर 28,900 रुपये बरामद हुए। इसके अलावा 52 ताश के पत्ते और कई मोबाइल फोन भी मिले। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत कार्रवाई की।
शहर के बीच पार्क में इस तरह जुए की महफिल पकड़े जाने के बाद इलाके में देर रात तक चर्चा होती रही। लोगों का कहना था कि मोती पार्क में लंबे समय से देर रात संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं, लेकिन पहली बार इतनी बड़ी कार्रवाई सामने आई है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अनूप सिंह, उपनिरीक्षक वैभव गुप्ता, उपनिरीक्षक विक्रांत तोमर, हेड कांस्टेबल तस्वीरुल हसन, हेड कांस्टेबल सोमदत्त शर्मा, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र कुमार, कांस्टेबल अश्वनी कुमार और कांस्टेबल विजिल मलिक शामिल रहे।
Updated on:
22 May 2026 12:56 pm
Published on:
22 May 2026 12:55 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
