
आग बुझती दमकल की टीम
बरेली।जंक्शन रोड स्थित एक कमर्शियल बिल्डिंग में गुरुवार दोपहर दूसरी मंजिल पर लगी एलईडी स्क्रीन में अचानक शॉर्ट सर्किट के बाद आग भड़क उठी। देखते ही देखते पूरे फ्लोर में काला धुआं फैल गया और बिल्डिंग में मौजूद लोग जान बचाकर बाहर की ओर भागने लगे। चीख-पुकार और भगदड़ जैसे हालात के बीच आसपास के दुकानदार भी दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां सायरन बजाते हुए मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
घटना जंक्शन रोड स्थित 167 ए नंबर की कमर्शियल बिल्डिंग की है। दूसरी मंजिल पर लगे एलईडी स्क्रीन में अचानक स्पार्किंग हुई और कुछ ही सेकेंड में आग भड़क गई। आग से उठे घने धुएं ने पूरे फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया। धुआं फैलते ही बिल्डिंग में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। कई लोग सीढ़ियों से भागते हुए बाहर निकले तो आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए।
सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में दो दमकल गाड़ियां तुरंत मौके के लिए रवाना की गईं। दमकल टीम ने पहुंचते ही हालात का जायजा लिया और तेजी से रेस्क्यू और फायर फाइटिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया। दमकल कर्मियों ने बेहद सतर्कता के साथ आग पर काबू पाया और उसे दूसरी दुकानों व प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोक लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर आग कुछ देर और फैल जाती तो पूरी बिल्डिंग इसकी चपेट में आ सकती थी, क्योंकि वहां कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित हो रहे हैं। आग लगने के बाद आसपास के इलाके में भी भारी भीड़ जमा हो गई थी। हालांकि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही दो फायर यूनिट मौके पर भेजी गई थीं। आग एलईडी स्क्रीन में लगी थी, जिससे पूरे फ्लोर में धुआं भर गया था। फायरमैन को बीए सेट पहनाकर अंदर भेजा गया और सुरक्षित तरीके से आग बुझा ली गई।
Published on:
21 May 2026 06:59 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
