21 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भीषण गर्मी में बरेली अंधेरे में डूबा, रातभर फुंकते रहे ट्रांसफार्मर, 10 हजार घरों की बिजली गुल

Bareilly भीषण गर्मी के बीच बुधवार की रात बरेली शहर के कई इलाकों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप के पास, करगैना और कैंट क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों में आग लगने और फुंकने की घटनाओं से हड़कंप मच गया।

2 min read
Google source verification
up news

ट्रांसफार्मर में लगी आग

बरेली। भीषण गर्मी के बीच बुधवार की रात बरेली शहर के कई इलाकों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप के पास, करगैना और कैंट क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों में आग लगने और फुंकने की घटनाओं से हड़कंप मच गया। आग की लपटें उठती देख लोग घरों से बाहर निकल आए। कई इलाकों में रातभर बिजली गुल रही, जिससे हजारों लोगों को उमस और गर्मी में जागकर रात काटनी पड़ी।

कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप के पास बुधवार रात करीब 11 बजे अचानक ट्रांसफार्मर में तेज धमाके के साथ आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं और आसपास अफरातफरी मच गई। सुरक्षा के लिहाज से कुछ देर के लिए रास्ते पर आवागमन भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली निगम और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। ट्रांसफार्मर फुंकने से करीब पांच हजार उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। रातभर लोग गर्मी से परेशान रहे और सुबह तक नया ट्रांसफार्मर नहीं पहुंच सका था।

करगैना में ट्रॉली वाले अस्थायी ट्रांसफार्मर ने पकड़ी आग

करगैना की शांति विहार कॉलोनी में रात करीब 12 बजे सड़क किनारे रखे अस्थायी ट्रॉली वाले ट्रांसफार्मर में आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ देर के लिए सड़क से निकलना तक मुश्किल हो गया। लोग दूर खड़े होकर मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। घटना के बाद पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात में शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग की टीम काफी देर से पहुंची और सुबह तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।

कैंट क्षेत्र में भी फुंका ट्रांसफार्मर, पेड़ों तक पहुंची आग

उधर कैंट क्षेत्र में भी बुधवार रात ट्रांसफार्मर फुंक गया। आग की चिंगारियां आसपास के पेड़ों तक पहुंच गईं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। वहीं बरेली कॉलेज गेट के सामने चौराहे पर बिजली के तारों में भी आग लग गई। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।

गर्मी में बिजली संकट से भड़के लोग

लगातार ट्रांसफार्मर फुंकने और घंटों बिजली गुल रहने से लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि हर साल गर्मी आते ही ट्रांसफार्मर ओवरलोड होकर फुंकने लगते हैं, लेकिन विभाग स्थायी समाधान नहीं निकाल पा रहा। रातभर बिजली न आने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी। मुख्य अभियंता विद्युत निगम ज्ञान प्रकाश ने बताया कि सभी घटनाओं की जानकारी विभाग को मिल गई है। खराब ट्रांसफार्मरों को बदलने और प्रभावित इलाकों की बिजली आपूर्ति जल्द बहाल कराने के निर्देश दिए गए हैं।