21 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सुभाषनगर में जोगेंद्र सिंह हत्याकांड का खुलासा: पांच लाख के लालच में की गई थी हत्या, तमंचे समेत आरोपी गिरफ्तार

Bareilly सुभाषनगर इलाके में फरवरी में हुई जोगेंद्र सिंह की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी इन्द्रपाल को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।

2 min read
Google source verification
up news

Thana subhash nagar Bareilly

बरेली। सुभाषनगर इलाके में फरवरी में हुई जोगेंद्र सिंह की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी इन्द्रपाल को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि पांच लाख रुपये के लालच में उसने अपने साथी के साथ मिलकर जोगेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या की थी।

पुलिस के मुताबिक बुधवार देर रात प्रगति नगर निवासी जोगेंद्र सिंह की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद घर में रखा रुपयों से भरा बैग भी गायब था। मामले में सुभाषनगर थाने में हत्या और लूट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

प्लॉट की बातचीत से शुरू हुआ लालच

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी इन्द्रपाल राजमिस्त्री का काम करता था और जोगेंद्र सिंह के घर के पास बनने वाले मकानों में उसका आना-जाना था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि एक रिश्तेदार का प्लॉट बेचने को लेकर जोगेंद्र सिंह से बातचीत हुई थी। उसी दौरान जोगेंद्र ने कहा था कि अगर प्लॉट उसे दिला दिया जाए तो वह तुरंत पांच लाख रुपये दे देगा। बस यही बात आरोपी के दिमाग में बैठ गई। उसे लगा कि जोगेंद्र के घर में पांच लाख रुपये रखे हैं। इसके बाद उसने अपने साथी राजू ठेकेदार के साथ मिलकर चोरी की योजना बना डाली।

छत के रास्ते पहुंचे, पहचान होने पर मार दी गोली

आरोपी ने पुलिस को बताया कि वारदात वाली रात वह और उसका साथी पड़ोस में बन रहे मकान के रास्ते जोगेंद्र सिंह के घर की छत पर पहुंचे। तभी जोगेंद्र सिंह ऊपर आ गए और उन्होंने इन्द्रपाल को पहचान लिया। आरोपी के मुताबिक जोगेंद्र ने उसे पकड़ लिया था। डर और घबराहट में उसने तमंचे से गोली चला दी। गोली लगते ही जोगेंद्र सिंह गिर पड़े और आरोपी रुपये का बैग लेकर छत के रास्ते फरार हो गए। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कहा कि पैसों के लालच में वह अंधा हो गया था। उसने यह भी कहा कि शराब पीने के बाद वह अपना होश खो बैठता है और उसी हालत में उससे इतनी बड़ी वारदात हो गई।

नूरी मस्जिद अंडरपास के पास दबोचा गया आरोपी

सुभाषनगर पुलिस ने बुधवार को करेली स्थित नूरी मस्जिद अंडरपास के पास से आरोपी इन्द्रपाल को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 12 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस का दावा है कि बरामद तमंचा वही है जिससे जोगेंद्र सिंह की हत्या की गई थी। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार नैन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।